- अवैध निर्माण रोक लगाने की बजाय रूपए लेकर वैध करने का चल रहा खेल

BAREILLY:

बरेली डेवलपमेंट अथॉरिटी अवैध बारात घरों को वैध करने की तैयारी में है। इसके लिए अफसर प्रशमन शुल्क वसूली का 'मंत्रोच्चारण' कर रहे हैं। प्राधिकरण ने जिन बैंक्वेट हॉल संचालकों को नोटिस दिया है, वह न सिर्फ मानकों के विपरीत बने हैं। बल्कि पार्किंग तक की व्यवस्था मौजूद नहीं है। जिसके चलते किसी फंक्शन के दौरान आने वाले वाहन सड़क पर खड़े होते हैं, जो जाम का सबब बनते हैं।

हाईवे पर लग जाता है लम्बा जाम

सबसे अधिक बारात घर, लॉन और बैंक्वेट हॉल बदायूं और पीलीभीत हाईवे पर ही हैं। ऐसे में रोड पर ही दोनों तरफ वाहन खड़ा कर देते और द्वारपूजा लगाते हैं। शादी में शामिल होने वाले सैकड़ों लोगों का डांस रोड पर ही शुरू हो जाता है। रोड पर ही गाडि़यों के खड़ा करने और नाच, गाने से पूरा हाईवे ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझने लग जाता है। लम्बे जाम से निकला मुश्किल हो जाता है। कई बार तो एक्सीडेंट का भी खतरा बढ़ जाता है।

नगर निगम भी अनजान

बीडीए जहां बिना पार्किंग के चल रहे बारात घरों को मोहलत देकर वैध करने पर तुला हैं। वहीं नगर निगम भी अंजान बना हुआ हैं। प्रोग्राम के बाद सारी गंदगी फूल, बचा हुआ खाना, प्लास्टिक व थर्माकोल की प्लेट, थाली और गिलास सब रोड किनारे की फेंक दिया जाता हैं। डस्टबिन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। फिर भी नगर निगम कार्रवाई नहीं करता हैं। उसे सिर्फ टैक्स वसूली से मतलब है। गंदगी फैला रहे बारात घरों से कोई लेनादेना नहीं।

रुपए दो और अवैध बन जाएंगे वैध

पीलीभीत, मिनी बाईपास और शाहजहांपुर रोड और शहर के अंदर 83 अवैध बारात घर चल रहे हैं। जिनका निर्माण मानक के अनुरुप नहीं हुआ है। अवैध निर्माण के दौरान ही रोक लगाने की बजाय बीडीए के कर्मचारी रुपए लेकर मामले को नजर अंदाज कर देते हैं। लिहाजा, दिन पर दिन नए अवैध बारात घर खुलते जा रहे हैं। अब दिखावे के लिए 83 बारात घरों को नोटिस जारी किया। वह भी 22 मार्च तक रुपए लेकर वैध कराने के लिए।