ALLAHABAD: भाई दूज के त्योहार पर अनाथ बच्चों के जीवन में खुशियों ने दस्तक दी। अपनों से दूर होने के बाद भी उन्होंने इन पलों का एक साथ शेयर कर खूब इंज्वॉय किया। बालिका बालगृह में लड़कियों ने मूवी देखी तो शिशु बालगृह में आपस में ही बच्चों ने भाई दूज त्योहार मनाया। इस मौके पर उनके लिए खानपान के विशेष इंतेजाम किए गए थे।

नहीं खली कमी

भाई दूज त्योहार मनाने के लिए भाई-बहन का होना जरूरी है लेकिन अनाथालयों में ऐसा नहीं है। यहां रहने वाले बच्चों का उनका अपना कोई नहीं है। ऐसे में उन्होंने आपस में ही यह त्योहार मनाया। शिवकुटी स्थित शिशु बालगृह में लड़कियों ने लड़कों को तिलक कर मिठाई खिलाई तो भाइयों ने बहनों की सुरक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों के खानपान के लिए बेहतर इंतजाम थे। उनकी इन खुशियों में अनाथालय के कर्मचारी व अधिकारी भी शरीक हुए।

सबने मिलकर मूवी देखी

ममफोर्डगंज स्थित बालिका बालगृह में बाहर से तो कोई भी शनिवार को त्योहार मनाने नहीं आया लेकिन अनाथालय के अंदर ही सेलिब्रेशन के पूरे इंतजाम किए गए थे। सुबह लड़कियों को खाने में पूड़ी-सब्जी और मिठाईयां दी गई तो शाम को नाच-गाने का कार्यक्रम रखा गया था। लड़कियों ने खुद से एक से बढ़कर एक ग्रुप डांस पेश किया। जिसकी सभी ने तारीफ की। दोपहर में अनाथालय की ओर से उनको मूवी दिखाई गई। लड़कियों ने अपने पसंद की मूवी देखकर दिन बिताया।