JAMSHEDPUR: साकची गुरुद्वारा मैदान में सावन की अंतिम सोमवारी 20 अगस्त को प्रख्यात भजन गायक मनोज तिवारी शिवभक्तों को अपने भजनों से झुमाएंगे। शहर की प्रसिद्ध संस्था हर-हर महादेव सेवा संघ की ओर से इस भजन संध्या का आयोजन शाम छह बजे से किया जाएगा। संघ के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि महान विभूति अटल जी के दुखद निधन की वजह से कुछ असमंजस की स्थिति थी लेकिन चूंकि यह एक धार्मिक आयोजन है, इसलिए इसे टालने की कोई वजह नहीं है। बल्कि अब यह आयोजन अटल जी को समर्पित होगा। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों की चुनिंदा हस्तियों को दिया जानेवाला सम्मान भी अटल जी के नाम पर होगा।

इनका होगा सम्मान

भजन गायक मनोज तिवारी-अटल स्मृति संघ रत्न सम्मान

बागीचा सिंह - अटल स्मृति खेल सेवा सम्मान

डॉ। डीपी समादार - अटल स्मृति चिकित्सा सेवा सम्मान

डॉ। अली एम - अटल स्मृति चिकित्सा सेवा सम्मान

गोविंद दोदराजका - अटल स्मृति साहित्य सेवा सम्मान

त्रिलोचन सिंह - अटल स्मृति कला साधक सेवा सम्मान

आज पहुंचेंगे मनोज तिवारी

अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि भजन गायक मनोज तिवारी की 16 सदस्यीय टीम सोमवार को सुबह पहुंच जाएगी। खुद मनोज तिवारी सोमवार को दोपहर पहुंचेंगे। परंपरागत तरीके से कार्यक्रम की शुरुआत शहर के भजन कलाकार बी कृष्णमूर्ति व उनके साथी करेंगे। बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है जिसमें करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी भोग व चाय-पानी की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण 12 फीट की बाबा बर्फानी की प्रतिकृति होगी जो बर्फ से तैयार की जाएगी। आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति के आदेश हो चुके हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।