आगरा। दीवानी तिराहे पर भारत माता की प्रतिमा खंडित होने से हिंदूवादी संगठनों की राष्ट्रभक्ति उबाल मार उठी। सड़क पर जमकर हंगामा मचाया गया। शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली एमजी रोड चार घंटे तक जाम रही। पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए अराजक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग उठाई। बमुश्किल पुलिस फोर्स ने संगठन के कार्यकर्ताओं को समझाया और मामले को शांत किया।

रात में किसी ने वारदात

दीवानी तिराहे पर भारत माता की प्रतिमा लगी हुई है। उनके एक हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लगा है। बीती रात अराजक तत्वों ने भारत माता की प्रतिमा खंडित कर दी। शरारतियों ने राष्ट्रीय ध्वज वाला हाथ तोड़ दिया। सुबह समाजसेवी संस्था इंडिया राइजिंग के लोग वहां पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। बस इसी के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं तक ये खबर पहुंची तो उनमें गुस्सा फूटने लगा। वह मौके पर जमा हो गए। फिजां में 'वंदे मातरम' के नारे गूंजने लगे। इस दौरान थाना हरीपर्वत व थाना न्यू आगरा का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने लोगों को समझाना शुरु कर दिया, लेकिन उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

सड़क पर लगाया जाम

इधर, घटना को लेकर गुस्साई भीड़ ने एमजी रोड पर जाम लगा दिया। संगठन के लोग सड़क पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी व हंगामा होने लगा। लोगों के सड़क पर बैठते ही वाहनों के पहिए थम गए। दीवानी तिराहे से हरीपर्वत की तरफ का मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने यातायात सुचारु रखने के लिए नेहरू नगर से रूट डायवर्जन किया। दो घंटे बाद कार्यकर्ताओं ने हरीपर्वत से दीवानी की तरफ आने वाले मार्ग को भी जाम कर दिया। भाजपा विधायकद्वय जगनप्रसाद गर्ग, योगेंद्र उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, पूर्व विधायक केशो मेहरा आदि, हिन्दू जागरण मंच का अज्जू चौहान आदि कई नेताओं ने घटना को लेकर चिंता व्यक्त की और तत्काल दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजने की मांग उठाई।

सीओ के आश्वासन पर माने लोग

मौके पर एडीएम सिटी धर्मेद्र सिंह, सीओ छत्ता बीएस त्यागी, सीओ कोतवाली राजेश द्विवेदी, एसपी प्रोटोकोल विद्या सागर मिश्र मय फोर्स के तैनात थे। सीओ छत्ता बीएस त्यागी के मुताबिक पुलिस की तरफ से मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही मौके पर पुलिस पिकेट की तैनाती की जाएगी और सीसीटीवी भी लगवाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ही लोग शांत हुए।