-खेसारीलाल यादव व काजल राघवानी की टीम आ रही रांची

RANCHI (6 April): रांची नगर निगम चुनाव का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी हर तरीके से प्रचार कर रहे हैं। कई प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार करने के लिए रिश्तेदार पहुंच रहे हैं तो कई प्रत्याशी कलाकारों के सहारे अपनी चुनावी नैया पार करने में जुटे हैं। आजसू पार्टी के डिप्टी मेयर प्रत्याशी मुनचुन राय के पक्ष में चुनाव प्रचार करने भोजपुरी फिल्मों के सुपरहिट कलाकार खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी अपनी टीम के साथ रांची पहुंच रहे हैं। वहीं, दूसरी राजनीतिक पार्टियों के बड़े नेता अपने पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने में जुटे हैं।

खेसारी लाल यादव करेंगे प्रचार

आजसू के डिप्टीमेयर प्रत्याशी मुनचुन राय ने बताया कि नगर निगम चुनाव को लेकर हमलोग शहर के हर इलाके में घूम रहे हैं और लोगों के बीच प्रचार भी कर रहे हैं। उन्होने बताया कि भोजपुरी फिल्मों के स्टार खेसारी लाल यादव अपनी टीम के साथ 9 अप्रैल से रांची में रहेंगे जो चुनाव तक हम लोगों के पक्ष में प्रचार करेंगे। उन लोगों के जो चाहने वाले हैं, उनसे वोट मिलने की उम्मीद है। इसलिए भोजपुरी फि ल्म इंडस्ट्री के लोग हमारे प्रचार के लिए रांची पहुंच रहे हैं।

हर प्रत्याशी के रिश्तेदार कर रहे प्रचार

वार्ड पार्षद से लेकर मेयर डिप्टी मेयर तक के सभी प्रत्याशी खुद से प्रचार कर रहे हैं। लेकिन उनके प्रचार के लिए उनके रिश्तेदार उनके घर पहुंच रहे हैं। कई इलाकों में ऐसे प्रत्याशी हैं जिनके रिश्तेदार बाहर के रहने वाले हैं, लेकिन चुनाव प्रचार को लेकर रांची पहुंच गए हैं।