-गुरुवार रात हुई बारिश के दूसरे दिन मौसम हुआ गर्म, उमस ने लोगों को किया परेशान

VARANASI

लगता है इंद्रदेव बनारस से नाराज चल रहे हैं। तभी तो यहां बारिश नहीं हो रही है। गुरुवार की रात को जब आसमान से बूंदें गिरी तब लोगों को लगा कि अब जोरदार बारिश होगी। पर थोड़ी देर बरसने के बाद बादलों का पानी खत्म हो गया। लोगों को उम्मीद थी अगले दिन मौसम सुहाना रहेगा और बारिश होगी। पर शुक्रवार की सुबह से ही सूरज की तल्खी से लोग परेशान होते रहे। नतीजा यह हुआ कि पूरे दिन लोग उमस भरी गर्मी की मार झेलने को मजबूर रहे। सुबह आसमान पर कुछ बादल दिखे पर उनमें बरसने का हौसला नहीं दिखा।

अधिकतम तापमान चढ़ा

बादलों के न बरसने का असर रहा कि अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी। मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की। यह 37.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो तीन दिनों तक ऐसे ही बूंदाबांदी की उम्मीद है। वैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून थोड़ा कमजोर दिख रहा है। जिसके चलते बारिश नहीं हो रही है।