- आपने हमें मौका दिया, हमने काम किया

- पंचायत चुनाव में भी पीएम चुनाव प्रचार करने आयेंगे

ARA/PATNA : 'हाजिरी कुबूल कीजिए' इस जनपद से महागठबंधन के सभी प्रत्याशियों को विजयी बनायें, ताकि बिहार में महागठबंधन की सरकार बस्ने। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को महाराजा कॉलेज मैदान में क्षेत्र से राजद प्रत्याशी मो। नवाज आलम उर्फ अनवर आलम के पक्ष में सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आपने हमें मौका दिया, हमने काम किया। बिहार की इज्जत एवं प्रतिष्ठा आज देश के अन्य प्रांतों तक हो रही है। सीएम ने कहा कि भाजपा ने पहले कहा कि महागठबंधन नहीं चलेगा लेकिन बिहार में महाठबंधन एकजुट है। बिना कोई विवाद के सीटों का बंटवारा किया गया। साझा कार्यक्रम की घोषणा एक साथ की गई और चुनाव प्रचार अभियान भी निर्विवाद ढंग से चल रहा है। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या इस बार पीएम होंगे बिहार का सीएम? अगले वर्ष पंचायत चुनाव में भी पीएम चुनाव प्रचार करने आयेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के देश भर के नेता बिहार में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा का शिखर नेतृत्व अटल, आडवाणी व मुरली मनोहर को किनारे कर दिया गया है। बिहारी बाबू उपेक्षित हैं। अब बारी चाचा (राजनाथ सिंह) की है।

बीजेपी यानी भारतीय जुमला पार्टी

उन्होंने कहा कि विगत लोकसभा चुनाव में विदेशों से कालाधन वापस लाने का वादा किया गया था। कालाधन तो नहीं आया। उल्टे अपने देश से कालाधान जा ही रहा है। लोगों ने जब सवाल पूछे तो भाजपा अध्यक्ष कहते हैं कि वह तो जुमला था। यह पार्टी भाजपा नहीं बल्कि भारतीय जुमला पार्टी हो चुकी है। नीतीश ने कहा कि हमारे डीएनए पर सवाल खड़ा कर रहे थे, हमारा डीएनए बिहारी का है। बिहार और बिहारी का डीएन दुनिया भर से आने वाले वह ज्ञानी पुरुष बतायेंगे जो ज्ञान प्राप्त करने के लिए बिहार आते रहे हैं। उन्होंने महागठबंधन के सभी सातों प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए समर्थन मांगा। इससे पूर्व बिहार व्यवसायी संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष चन्द्रभानु गुप्ता ने जदयू में शामिल होने की घोषणा की। सभा की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा एवं संचालन नगर अध्यक्ष राजीव रंजन श्रीवास्तव ने किया। पूर्व सांसद मीना सिंह, विधान पार्षद राधा चरण साह, पूर्व विधायक विजेन्द्र कुमार यादव, कामेश्वर कुशवाहा, अमित केशरी, भाई ब्रह्मेश्वर, बिरेन्द्र मिश्र आदि थे।