परिचित महिला का इलाज कराने आया था मृतक, शास्त्री ब्रिज पर हुआ हादसा

ALLAHABAD: शहर से इलाज कराने के बाद लौट रहे बाइक सवार व महिला की हादसे में मौत हो गई। दोनों अलग-अलग गांव के हैं। शास्त्री पुल के पास बुधवार को करीब तीन बजे हुई घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में ले लिया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दी और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। खबर मिलते ही पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।

अलग-अलग गांव के हैं दोनों

भदोही जनपद के बसही थाना क्षेत्र के रामबिसुनपुर निवासी दिनेश कुमार बिन्द (37) पुत्र रामजोखन प्रैक्टिस करता है। वह पास कुसी गांव की रेखा मौर्या (35) पत्‍‌नी ओम प्रकाश मौर्य का इलाज कर रहा था। बताते हैं कि उसकी दवा से रेखा ठीक नहीं हुई। इस पर वह अपने परिचित के डॉक्टर से इलाज कराने के लिए उसे लेकर बाइक से शहर आया था। यहां डॉक्टर को दिखाने के बाद दोनों करीब तीन बजे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। शास्त्री पुल पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। दोनों को गंभीर चोटें आई। जब तक लोग एक्टिव होकर दोनो को इलाज के लिए ले जाते दोनों की मौत हो चुकी थी। लोगों ने जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में ले लिया।