पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

नाली के विवाद को लेकर दिन दहाड़े दबंगों ने घटना को दिया अंजाम

ALLAHABAD: नाली के विवाद को लेकर सोरांव कस्बे में दबंगों ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। गुरुवार की सुबह दबंगों ने एक महिला को सबसे के सामने निर्वस्त्र करके जमकर पीटा। मामला वायरल हुआ तो लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीडि़त पक्ष की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी मुन्नू को गिरफ्तार कर लिया और फरार उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

लंबे समय से चल रहा था विवाद

सोरांव थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे की एक महिला का पति मजदूरी करता है। उसका पड़ोसियों से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल आ रहा है। आरोप है कि गुरुवार दोपहर विपक्षी विवादित भूमि पर नाली बनाने लगे। महिला ने विरोध किया तो पहले उसकी पिटाई की। इस पर भी जब आरोपियों को तसल्ली नहीं हुई तो महिला को निर्वस्त्र करके उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। महिला जान बचाने के लिए इधर से उधर भागती रही। हैरत की बता यह रही कि आसपास के लोग उसे बचाने के बजाय तमाशबीन बने रहे। घटना की जानकारी हुई तो लोग सकते में आ गए। बताते हैं कि ग्राम प्रधान पति की सूचना पर इंस्पेक्टर सोरांव सुरेंद्र नाथ मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग चुके थे। पीडि़त महिला ने थाने में पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चुन्नू व उसके भाई मुन्नू, शाहिद और वाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

लोगों से पूछताछ में पता चला है कि महिला खुद ही अपने कपड़े उतार दी थी। फिलहाल तहरीर के आधार पर चुन्नू व उसके भाई मुन्नू, शाहिद और वाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुन्नू को अरेस्ट किया जा चुका है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जितेंद्र गिरी, सीओ सोरांव