छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : स्टील सिटी के एग्रिको मैदान में सोमवार को भाजपा का कोल्हान स्तरीय कार्यकर्ता सम्मलेन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर प्रहार किया। कांग्रेस पर पहार करते हुए उन्होंने 2004 से 2014 तक दस साल की सरकार को चोर-चुहाड़ की सरकार बता डाला। उन्होंने कहा कि लोगों ने ऐसी सरकार से ऊब कर देश की सत्ता भाजपा के हाथ दी। सीएम ने अपने भाषण में झामुमो को लुटेरी सरकार कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाएं और विरोधियों की पोल खोलें। केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं।

गिनाई उपलब्धियां

सीएम ने कहा कि जमशेदपुर में भी इन पांच वर्षो में कई काम हुए। घाटशिला की 18 साल से बंद माइंस सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयास से खुल गई। जुगसलाई फाटक पर ओवरब्रिज का काम भी शुरू हो गया। अब तक जो भी सांसद आए, आश्वासन देते रहे। सीएम ने कहा कि उन्होंने भी महामंत्री रहते इस पुल के लिए आंदोलन किया था.हम मेवा की नहीं, सेवा की राजनीति करते हैं। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि इस बार हम जमशेदपुर और सिंहभूम संसदीय सीट 2014 से भी ज्यादा वोट से जीतेंगे। सीएम ने कार्यकर्ताओं से 'अबकी बार 400 के पार' का तीन बार नारा लगवाया।

घर-घर तक पहुंचाएं भाजपा का झंडा

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि वो दो महीने घर का काम छोड़ दें। घर का काम अपने दूसरे भाइयों को दे दें। कार्यकर्ता पार्टी के काम में जुट जाएं। 26 फरवरी से दो मार्च तक हर घर में भाजपा झंडा फहराना है।

दो को मोटरसाइकिल रैली

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि दो मार्च को कार्यकर्ता मोटरसाइकिल रैली निकालकर सुदूर गांव तक जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्र में कार्यकर्ता करीब 170 किलोमीटर तक की यात्रा करेंगे।