lucknow@inext.co.in

LUCKNOW : केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि दशकों से तथाकथित सेक्युलर सिंडिकेट की तुष्टीकरण राजनीति ने अल्पसंख्यकों खासकर मुसलमानों के सशक्तीकरण का अपहरण कर लिया था लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोट के सौदे की राजनीति को ध्वस्त कर विकास के मसौदे को नया आयाम दिया। गुरुवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में नकवी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि हम समाज को जोडऩे की राजनीति पर यकीन करते हैं। अल्पसंख्यक समाज के लोग आइएएस सेवा में कम हो रहे थे लेकिन, मोदी सरकार में यह विसंगति दूर हुई।

आंकड़ें भी किए पेश

नकवी ने आंकड़ों के जरिये बताया कि इस वर्ष अल्पसंख्यक समाज के 131 आइएएस चुने गए जिनमें 51 मुस्लिम समाज के हैं जबकि पिछले वर्ष 126 में 52 मुसलमान थे। केंद्र सरकार की योजनाओं के हवाले से नकवी ने कहा कि मोदी ने बिना तुष्टीकरण मुसलमानों का सशक्तीकरण किया। मुसलमानों के खिलाफ जहर उगलने वालों पर बोले कि ऐसे लोगों के बयान पर भाजपा कभी खुश नहीं होती। नकवी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अक्ल से पैदल बताया। राफेल की जांच कर रहे सीबीआई अफसरों को हटाए जाने के मुद्दे पर नकवी ने कांग्रेस अध्यक्ष की चुटकी लेते हुए कहा, वह न लिखते, न पढ़ते और न समझते हैं। दावा किया कि सरकार किसी भी भ्रष्टाचार करने वाले को छोड़ेगी नहीं। इसके पहले भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद ने कार्यसमिति का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए नकवी का स्वागत किया।

मंडल स्तर पर करें कार्यसमिति : बंसल

भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा हर बूथ पर संगठन को मजबूत करे। आने वाले समय में मंडल स्तर पर कार्यसमिति आयोजित कर मुस्लिम समाज को भाजपा से जोड़े। बंसल ने कई सुझाव भी दिए। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडेय ने कार्यसमिति का समापन करते हुए कहा कि भाजपा ने समाज के विकास और हित के लिए सरकार बनाई है। अल्पसंख्यक समाज का भी विकास होगा। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के विकास और शिक्षा के आधुनिकीकरण का कार्य कर रहे हैं।

अयोध्या में मस्जिद बनवाने की बात

प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा एमएलसी बुक्कल नवाब पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता भड़क गए। दरअसल बुक्कल ने मुसलमानों को खुश करने के लिए अयोध्या में मस्जिद बनाने की बात कही लेकिन, उनके लिए यह उलटा पड़ गया। हूटिंग होने लगी और बुक्कल को मंच से हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि मैं तो अयोध्या में मस्जिद बनवाने की बात कह रहा हूं। लोगों ने नाराजगी दिखाई तो बुक्कल ने बात बदलने की कोशिश की। बोले, मैं तो यह कह रहा हूं कि विवादित जगह मस्जिद बनी भी तो नमाज कौन पढ़ेगा।

National News inextlive from India News Desk