युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं पर नगर आयुक्त से अभद्रता और फर्नीचर पलटने का आरोप

-कर्मचारियों ने दौड़ाकर एक को पीटा, दोनों पक्षों ने दी तहरीर

मेरठ: पुराने शहर में सफाई की मांग को लेकर सोमवार को नगर निगम में बखेड़ा हो गया। यहां पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ता और निगम कर्मचारी आपस में भिड़ गए। भाजपाइयों पर नगर आयुक्त से अभद्रता और फर्नीचर पलट देने का आरोप है। इसी को लेकर निगम कर्मचारियों ने उन्हें दौड़ा लिया। एक कार्यकर्ता को घेर कर पीटा भी। विरोध में निगम में कर्मचारियों ने हड़ताल कर धरना दिया।

गंदगी पर नाराजगी

भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष विवेक वाजपेयी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह नगर निगम पहुंच कर नगर आयुक्त से पुराने शहर में नाला सफाई कराने की मांग की। कहा कि शहर में गंदगी फैली है और नगर निगम सोया हुआ है। नगर आयुक्त पर लापरवाही के आरोप लगाए। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने इस बीच हंगामा किया। फिर क्या था, नगर निगम के कर्मचारी नेता भी वहां पहुंच गए और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।

मारपीट व हाथापाई

स्थिति यह हो गई कि भाजपाई नगर आयुक्त मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे और कर्मचारी जिंदाबाद के। तनाव इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट व हाथापाई हुई। कर्मचारियों ने भाजपाइयों को दौड़ा लिया। सभी वहां से भाग गए ,लेकिन एक कार्यकर्ता कर्मचारियों के बीच में फंस गया, जिसे घेरकर पीटा गया।

निगम में हड़ताल

निगम कर्मचारी संगठनों के नेता अनीस अहमद, कृपाल सिंह, राजू धवन, कैलाश चंदौला आदि ने आरोप लगाया कि भाजपाइयों ने नगर आयुक्त से अभद्रता की है। फर्नीचर पलटा तथा फाइलें फेंकी हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने निगम में हड़ताल करा दी तथा दिन भर धरना दिया। उन्होंने कार्रवाई न होने तक हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है। धरने में नामित पार्षदों के साथ साथ सपा के कई पार्षद भी मौजूद रहे।

दोनों ओर से तहरीर

निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, संपत्ति अधिकारी, उप नगर आयुक्त समेत कई अधिकारियों ने संयुक्त तहरीर थाने में दी तथा 15-20 युवकों पर ऑफिस में घुसकर अभद्रता करने और फाइले फाड़ने का आरोप लगाया। वहीं दूसरी ओर मारपीट के शिकार हुए भाजपा कार्यकर्ता ने नितिन बच्चन व अरुण ने तहरीर में लिखा है कि शहर में गंदगी की शिकायत करने पर निगम कर्मचारियों ने उन पर हमला कर घायल कर दिया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।

हमने ब्रह्मपुरी और पुराने शहर में नाला सफाई की मांग की तो नगर आयुक्त भड़क गए। कर्मचारियों को इशारा करके हमारे साथ मारपीट कराई। एक कार्यकर्ता को घेरकर बुरी तरह पीटा गया। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने वाली है।

-विवेक वाजपेयी, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष

------

घटना दुखद है। विवाद को निपटाने का प्रयास किया जा रहा है।

-हरिकांत अहलूवालिया, महापौर

------

भाजपा नेता आते ही हंगामा करने लगे, मेज में जोर जोर से मुक्के मारे, फाइलें फेंक दी, कर्मचारियों से धक्का-मुक्की की। हमने समझाया लेकिन वे नहीं माने।

-अब्दुल समद, नगर आयुक्त।