RANCHI : भाजपा सांसद सह सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि देश हित में मैं सच को सच और गलत को गलत बोलता हूं। इसी कारण मैंने नोटबंदी व जीएसटी को गलत कहा है। क्योंकि, व्यक्ति से बड़ा पार्टी और पार्टी से बड़ा देश होता है। अगर सच कहना बगावत है, तो मैं भी बागी हूं। सिन्हा रविवार को पिठोरिया-चंदवे मुख्य मार्ग के कनादू गांव स्थित चित्रांश सिटी परिसर में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा अनावरण के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व शत्रुघ्न सिन्हा, झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी व सुबोधकांत सहाय ने प्रतिमा का संयुक्त रूप से अनावरण किया।

 

कोई नहीं बहका सकता

शॉर्ट गन ने कहा कि गलत को मैं बेहिचक गलत कहता हूं। ऐसे में कुछ लोग कहते हैं कि मुझे भड़काया जा रहा है। मैं परिपक्क मानसिकता का हूं। मुझे कोई नहीं बहका सकता है। मैं तो सिर्फ यह चाहता हूं कि कोई बच्ची भूख से न मरे, किसानों की स्थिति अच्छी हो, कोई युवा बेरोजगार न रहे।

उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण एक सच्चे सपूत, फकीर, मार्गदर्शक, संत और संपूर्ण क्रांति के महानायक थे। उनके बताए सिद्धांत पर चलकर ही समाज व देश का भला होगा।

 

आयोजन समिति ने किया सम्मानित

आयोजन समिति की ओर से शुत्रुघ्न सिन्हा को बिरसा मुंडा की प्रतिमा भेंट की गई। वहीं, डॉ। सीबी सहाय ने एक तलवार भेंट कर उनका सम्मान किया। संचालन प्रणव कुमार बब्बू ने किया। मौके पर कांके विधायक डॉ। जेसी राम, एके सिंह, बरखा सिन्हा सिंहा, अनिल टाईगर, मोजिबुल अंसारी, इसराइल अंसारी, बीडीओ ज्ञान शंकर जायसवाल आदि थे।

 

आज देश को संपूर्ण क्रांति की है जरूरत

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आज देश को पुन: एक संपूर्ण क्रांति की जरूरत है। इस मौके पर सुबोधकांत सहाय ने कहा कि संपूर्ण क्रांति के नायक की क्रांति तभी पूरी होगी, जब घर-घर रोशनी पहुंच जाए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज महानायक की क्रांति पुन: जरूरी हो गई है। सरकार के विरोध में बोलना, कहना और लिखना अब अपराध हो गया है। ऐसे में महानायक की तरह हमें सच कहने की हिम्मत अपने अंदर लानी होगी।