परिवर्तन यात्रा के लिए रथ रवाना, माणा गांव में कांग्रेस का बाल दिवस

-श्याम जाजू और भट्ट ने किया दोनों मंडलों के लिए रथों को रवाना

-पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय और अन्य कांग्रेसी माणा में रहे मौजूद

DEHRADUN: चुनावी बेला में कांग्रेस और बीजेपी की संगठनात्मक गतिविधियों ने तेजी पकड़ ली है। अपने कार्यक्रमों में नयापन देने के लिए दोनों पार्टियां प्रयासरत हैं। यही वजह है कि सोमवार को परिवर्तन रथ पर बीजेपी नजर आई, तो बार्डर पर कांग्रेस पार्टी दिखी। कांग्रेस ने सीमांत गांव माणा में जाकर बाल दिवस मनाया। इस दिवाली पर माणा आने का पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बन रहा था। वह तो नहीं आए, लेकिन बाल दिवस पर पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय जरूर वहां पहुंच गए।

बीजेपी के परिवर्तन रथ रवाना

बीजेपी ने आज गढ़वाल और कुमाऊं के लिए अपने रथों को रवाना कर दिया। सुबह प्रदेश कार्यालय से प्रभारी श्याम जाजू और अध्यक्ष अजय भट्ट ने रथों को रवाना किया, वहीं दोपहर में कुमाऊं के लिए रथों को प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाई। गढ़वाल मंडल के लिए निकला रथ हरिद्वार से मंगलवार को आगे की यात्रा के लिए रवाना होगा। इससे संबंधित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री थावर चंद्र गहलोत भी शामिल होंगे।

कांग्रेस ने माणा में किया नेहरू को याद

कांग्रेस ने बाल दिवस इस बार अनूठे अंदाज में मनाया। पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय और कांग्रेस के पदाधिकारी आज माणा पहुंचे। सीमांत गांव माणा में बाल दिवस मनाते हुए देश की सामरिक स्थिति पर भी उन्होंने चर्चा की।