कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने बोला भाजपा और सपा पर हमला

ALLAHABAD: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर '27 साल यूपी बेहाल यात्रा' के सिलसिले में शनिवार को शहर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागता किया। स्वागत कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि बीजेपी गरीब किसानों की दुर्दशा का कारण है। भाजपाई भारत के लोगों को लुटेरा और इंडिया के लोगों को डिफाल्टर कहते हैं। बीजेपी के लोग राहुल गांधी की यात्रा से दुविधा में हैं। किसानों के बीच हमारे नेता के जाने से दूसरी पार्टी के लोगों को परेशानी हो रही है।

सपा पर लगाए गंभीर आरोप

राजबब्बर ने कहा कि राहुल गांधी भरोसे का नाम है। किसानों व व्यापारियों में राहुल के प्रति चाहत है। उन्होंने सपा सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कहा कि सपा सरकार जनता को सुरक्षा व इंसाफ नहीं दे पा रही है। कांग्रेस की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों और युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।

कर्ज माफ, बिजली सस्ती

अगर हम सत्ता में आए तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। बिजली का रेट कम किया जाएगा। यूपी में कांग्रेस का 27 साल का वनवास खत्म होने वाला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इतिहास रचेगी। खाट सभा की जगह 15 सितम्बर से राहुल गांधी रोड शो करेंगे। इस मौके पर राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, विधायक अनुग्रह नारायण सिंह मौजूद रहे।