- प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गृह जनपद में मीडिया से हुए मुखातिब

- खुद को बताया आंदोलनकारी, कहा कि यूपी में अगली सरकार भाजपा की ही बनेगी

ALLAHABAD:

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद फूलपुर से भाजपा सांसद केशव प्रसाद मौर्य और ज्यादा आक्रमक हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा की नैया पार कराने में जुटे केशव ने सपा और बसपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा को गुंडों की सरकार बताया तो बसपा की नीतियों को जन विरोधी करार दिया।

उन्होंने दावा किया है कि जनता दोनों पार्टियों से त्रस्त है और इसलिए यूपी में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

जातिवाद और परिवारवाद को बढ़ावा

गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में केशव प्रसाद ने कहा कि जातिवाद और परिवारवाद के दम पर राजनीति करने वाली पार्टियों की वजह से यूपी दूसरे राज्यों से विकास में पिछड़ गया है। जबकि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुद्दा केवल विकासवाद होगा। जिसके दम पर हमारी पार्टी 265 से अधिक सीटें जीतकर यूपी में बहुमत वाली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी को देश का नंबर वन राष्ट्र बनाना चाहते हैं लेकिन सपा-बसपा के रहते यह संभव नहीं है। इसलिए जनता को अगले चुनाव में सही और गलत के बीच फैसला करना होगा।

बॉक्स

लोग कहते हैं मैं अपराधी हूं

अन्य राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपराधी कहे जाने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह अपराधी नहीं बल्कि आंदोलनकारी हैं। जनता के लिए किए गए आंदोलनों को लेकर उन्हें यूपी की सरकार ने फंसाया है। ताजा उदाहरण में उन्होंने कहा कि आयोग के खिलाफ भर्ती में फर्जीवाड़े का विरोध करने पर उनके खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज किया गया। अगर सपा सरकार की यही मंशा है तो उन्हें दस हजार मुकदमे भी मंजूर है और चुनाव में आंदोलनकारियों को टिकट देने में भाजपा को कोई ऐतराज नहीं होगा।

भाजपा ने किया अंबेडकर का सम्मान

केशव प्रसाद ने कहा कि भाजपा की पूर्व केंद्र सरकार ने बाबा साहेब को भारत रत्‍‌न पुरस्कार प्रदान किया था। उनके अंतिम संस्कार स्थान हो या लंदन स्थित शिक्षा ग्रहण करने वाला स्थान, हर जगह स्मारक बनाया गया है। खुद को पिछड़ा वर्ग का होने के चलते प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। यहां मेहनत के बूते पर पद और सम्मान दिया जाता है।

वरिष्ठों का आशीर्वाद प्राप्त

केशव ने कहा कि उन्हें वरिष्ठों का आशीर्वाद प्राप्त है और कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा 2017 विधानसभा चुनावों में 2014 लोकसभा चुनाव का इतिहास दोहराकर यूपी में सरकार बनाएगी। उन्होंने 'कांग्रेस मुक्त देश और सपा-बसपा मुक्त उत्तर प्रदेश' और '2017 में जाएं सबकुछ भूल, यूपी के प्रत्येक बूथ पर खिलाएं कमल का फूल' का नारा भी दिया।