आजादी के मायने बदलना चाहती है भाजपा

- कहा, इतिहास से छेड़छाड़ के पीछे भाजपा के इरादे नेक नहीं

LUCKNOW :

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा देश की आजादी के मायने बदलना चाहती है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और इतिहास से छेड़छाड़ करने के पीछे उनके इरादे नेक नहीं है। भाजपा ने किसानों, गरीबों और नौजवानों के साथ धोखा किया है। उसकी गलत नीतियों के चलते पूरी अर्थव्यवस्था चौपट है और कानून का राज अराजकता में बदल गया है। अखिलेश बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पूर्व मंत्री शारदानंद अंचल की आठवीं पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी

अखिलेश ने शारदानंद अंचल को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि बलिया की आजादी के आंदोलन में ऐतिहासिक भूमिका रही है। बलिया बलिदानियों की धरती रही है और वह समाजवादी आंदोलन का भी केंद्र रही है। उन्होंने कहा गरीबों का साथ समाजवादी कभी नहीं छोड़ते हैं इसलिए गरीब भी समाजवादी पार्टी का साथ निभाते हैं। कहा कि आज राजनीति में मर्यादा और आदर्शो की अवहेलना हो रही है। जब सत्ता के शीर्ष नेता अहंकार का प्रदर्शन और अपशब्दों का प्रयोग करते हैं तो भाजपा के विधायक-सांसद भी उसी तरह का आचरण करने लगते हैं। सत्तामद में भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है। स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शो से भी भाजपा का कुछ लेना देना नहीं है।