पति से झगड़े के बाद दो बच्चों को साथ लेकर निकली थी महिला

आपस में भिड़े पति व पत्‍‌नी के परिजन, महिला के मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

ALLAHABAD: पति से झगड़ा कर दो बच्चों के साथ शनिवार की भोर घर से निकली घूरपुर थाना क्षेत्र के चक गौरीशंकर गांव की महिला लापता है। जबकि रविवार को उसके दोनों बच्चों का शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर नीबी गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के लिए बनाई जा रही पुलिया के पास पानी से भरे गड्ढे में पाया गया। पुलिस महिला की तलाश कर रही है। महिला के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष से जमकर विवाद किया। देर शाम तक पुलिस मौके पर डटी रही।

नीबी गांव के पास हुई घटना

बताते हैं कि चक गौरीशंकर गांव निवासी सुमन (30) पति जितेंद्र यादव से झगड़ा कर शनिवार की भोर करीब चार बजे इकलौते बेटे करन (6) और बेटी सुनीता (10) साथ घर से निकल गई। रविवार की सुबह तकरीबन दस बजे उसके घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर नीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक की पुलिया के लिए बनाए गए पानी से भरे गड्ढे में दोनों बच्चों की लाश मिली। पानी में दोनों के शव को उतराते हुए देश ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। थोड़ी ही देर में बच्चों के परिजन भी वहां पहुंचे गए। लापता सुमन की तलाश में गहरे गड्ढे से पंपसेट के जरिए पानी निकाला गया। शाम पांच बजे पुलिस ने गोताखोरों की मदद ली। फिर भी महिला का कुछ पता नहीं चला। जानकारी होते ही महिला के मायके वाले उसकी ससुराल में पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। हाथ में ईट पत्थर लेकर एक दूसरे पर हमला करने की कोशिश करने लगे। यह देख ब्रीच बचाव कर ग्रामीणों ने दोनों पक्ष को शांत कराया। महिला का मायका औद्योगिक थाना क्षेत्र के के मुगारी गांव में है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। करमा चौकी इंचार्ज रामवृक्ष यादव ने बताया कि मामले में कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है, जांच के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। महिला की तलाश के लिए प्रयास कर रही है।

अक्सर होता था पति पत्‍‌नी में झगड़ा

सुमन का पति जितेंद्र राजगीर है। घरो में टाइल्स लगाने का काम करता है। बताते हैं कि वह शराब के नशे का लती भी है। रोजाना शराब पीकर पत्नी से मारपीट किया करता था। शनिवार को भी दोनों में विवाद के बाद मारपीट हुई थी। ग्रामीणों में यह भी चर्चा रही की जितेंद्र पत्‍‌नी सुमन पर शक किया करता था व आए दिन प्रताडि़त करता था।

जितेंद्र के फरार होने की वजह क्या?

पुलिस और ग्रामीणों का कहना है कि दो बच्चों को लेकर घर से सुमन के निकलने के बाद से जितेंद्र भी फरार है। आखिर इसकी क्या वजह है? पत्नी बच्चो के साथ कहां गई, इस बात की जानकारी भी वह मुनासिब नहीं समझा। उसने पुलिस तक को इस बात की सूचना नहीं दी। ऐसी स्थिति में ग्रामीण व पुलिस की नजरें उसे भी संदेह की नजर से देख रही हैं।