आगरा। थाना सिकंदरा एरिया स्थित मोहम्मदपुर में होली के दिन सब्जी विक्रेता की शराब पीने के बाद मौत हो गई। उसने साथियों के साथ शराब पी थी। युवक की मौत पर परिजनों को हत्या की आशंका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पत्‍‌नी गई थी भाई से मिलने

मोहम्मदपुर निवासी 40 वर्षीय जयदयाल सिंह पुत्र महाराज सिंह सब्जी बेचने का काम करता था। होली के दिन पत्‍‌नी ऊषा भाई से मिलने बदायूं गई थी। पत्‍‌नी के मुताबिक रात में पति की हालत बिगड़ने की खबर मिली थी। वह सुबह पांच बजे यहां पर आ गई। तब पति की मौत के बारे में पता चला।

साथ में बैठ कर पी थी शराब

पत्‍‌नी के मुताबिक उसे लोगों ने बताया कि होली वाले दिन दो लोग उसके यहां पर आए थे। वह तीन दिन पहले गई थी। दोनों युवक तभी से उसके यहां पर थे। होली वाले दिन भी उन लोगों ने पति के साथ बैठ कर शराब पी थी। रात में पति के मुंह से झाग आए। डॉक्टर को घर पर बुलाया तो उसने मृत घोषित कर दिया। पत्‍‌नी का कहना था कि पूर्व में शराब पीने के दौरान उसके पति के सिर पर ईट मारी गई थी। उसे आशंका है कि उसके पति की हत्या की गई है। पुलिस ने मामले में परिवार के एक सदस्य को पकड़ा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।