- सुल्तानगंज की पुलिया पर साइकिल सवार किशोर को ट्रक ने रौंदा

- गुस्साए परिजनों ने मौके पर पहुंच किया हंगामा, जाम लगाने का प्रयास

आगरा। एनएच-2 पर धीमी गति से हो रहे फ्लाई ओवर निर्माण ने अब एक किशोर की जान ले ली। सुल्तानगंज की पुलिया पर फ्लाई ओवर निर्माण के चलते सर्विस और मुख्य रोड एक हो गए हैं। रविवार को ट्रैफिक रेंग रहा था। एक किशोर अपने साथी संग साइकिल से यहां से गुजर रहा था। तभी ट्रक की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने जाम लगाने का प्रयास किया। कई थानों के फोर्स ने मौके पर पहुंच स्थिति संभाली। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप था कि फ्लाई ओवर निर्माण के चलते जाम के हालात बने रहते हैं। इसी के चलते किशोर ट्रक की चपेट में आ गया।

घर से साथी के साथ निकला था

लश्करपुर न्यू आगरा निवासी 12 वर्षीय मोहित उर्फ कुंदू पुत्र बच्चू सिंह क्लास सातवीं का छात्र था। पिता शू फैक्ट्री में फिटर का काम करते हैं। मोहित चार भाइयों में सबसे बड़ा था। इससे छोटे आठ वर्षीय अंकित, पांच वर्षीय अंकुश व एक वर्षीय अभय हैं। रविवार दोपहर साढ़े 12 बजे मोहित पड़ोसी हमउम्र साथी लोकेश पुत्र राजू के साथ साइकिल पर सुल्तानगंज की पुलिया की तरफ से जा रहा था। सर्विस रोड पर ट्रैफिक था। वाहन धीमी गति से चल रहे थे।

ट्रक की चपेट में आया

अचानक साइकिल अनियंत्रित हो गई। मोहित जमीन पर गिर पड़ा। पीछे आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोकेश ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन हाईवे पर पहुंच गए। तब तक पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हंगामा कर दिया। क्षेत्र के अन्य लोग भी पहुंच गए। जाम लगाने का प्रयास किया। मां रेखा व दादी सोन देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। बमुश्किल हालात संभाले। हंगामा होते देख वाहन चालक भी रूक गए, जिससे ट्रैफिक थम गया। बाईपास पर जाम की स्थिति बन गई। कई बार वाहन टकराने से बचे। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी। करीब एक घंटे बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।

बेटी संग हुई थी गर्भवती की मौत

एक मई को इसी रोड के क ट पर ट्रक ने बाइक सवार मेनका प्लेस कमला नगर निवासी टीकम सिंह को टक्कर मार दी थी। उस दौरान उनकी पत्नी सोनी व नौ महीने की बेटी कशिश साथ थी। गर्भवती पत्नी व बेटी की मौके पर मौत हो गई।

एनएचएआई पर दर्ज हो चुका है मुकदमा

28 जुलाई को भगवान टॉकीज चौराहे पर बने गड्ढे में गिरकर शाहगंज निवासी 55 वर्षीय शाकिर अली की मौत हो गई थी। लोगों ने सड़क पर बवाल कर दिया था। दूसरे दिन शव की शिनाख्त हो सकी थी। मृतक के बेटे वसीन ने थाना न्यू आगरा में एनएचएआई अधिकारियों पर हत्या में मुकदमा पंजीकृत कराया था।