महिला के गले पर मिले निशान, युवक की जेब में मिला सल्फास

MEERUT l यहां 20 साल के एक युवक ने एक महिला की हत्या कर खुद भी जहर खाकर जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वे दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे। महिला युवक से करीब 20 साल बड़ी, शादीशुदा और 4 बच्चों की मां थी। मामले में तहरीर नहीं मिलने पर केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने सूचना दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया।

 

प्रवेश विहार का मामला

पुलिस ने बताया कि मारी गई महिला का नाम रेखा (42 साल) और युवक का नाम अवनीश है। रेखा अपने पति चंद्रसेन और 4 बच्चों के साथ शास्त्री नगर में प्रवेश विहार स्थित ब्रजपाल के मकान में रहती थी। अवनीश (22) भी पड़ोस में हरिकिशन के मकान में रहता था। सीओ सिविल लाइन रामअर्ज ने बताया कि छानबीन में निकल कर आया है कि दोनों में पिछले कई दिनों से प्रेमप्रंसग चल रहा था। प्रेम प्रसंग के चलते ही दोनों की मौत हुई है। हालांकि चंद्रसेन ने पत्नी और अवनीश के प्रेम-प्रसंग की बात को गलत बताया।

 

घर से हुई गायब

मेडिकल कॉलेज के पास फलों का ठेला लगाने वाले चंद्रसेन ने बताया कि रेखा सोमवार की शाम 4 बजे से रहस्यमय तरीके से गायब थी। तभी से रेखा के मोबाइल पर रिंग जा रही थी, लेकिन किसी ने फोन उठाया नहीं। मंगलवार सुबह 7 बजे हरिकिशन ने चंद्रसेन को सूचना दी कि उनके मकान में रेखा की लाश पड़ी हुई है।

 

छत पर भी लाश

चंद्रसेन ने देखा कि रेखा का शव जमीन पर पड़ा था। छत पर अवनीश की लाश पड़ी हुई थी। उसके पास सल्फास की कई गोलियां भी पड़ी थीं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेजे।

 

गले पर मिले निशान

एसओ मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि रेखा की गर्दन पर निशान मिले हैं। शव देखकर लग रहा है कि दोनों में पहले विवाद हुआ होगा। इसके बाद रेखा की गला घोटकर हत्या की गई होगी। फिर अवनीश ने भी छत पर जाकर सल्फास खा लिया होगा। घटना का समय सोमवार देर रात रहा होगा।