- ऑपरेशन के दौरान ही अचानक चली गई बिजली

- एक घंटे तक परेशान रहे डॉक्टर व एंप्लाइज

- दो मरीजों का ऑपरेशन कर दिया गया होल्ड

GORAKHPUR: बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सोमवार को सर्जरी ओटी में चल रहे ऑपरेशन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। इमरजेंसी लाइट के सहारे किसी तरह ऑपरेशन पूरा किया गया। एक घंटे तक कटी रही लाइट ने ओटी में तैनात डॉक्टर्स के सामने मुसीबत खड़ी कर दी। इस बीच दो मरीजों का ऑपरेशन टाल दिया गया।

एक घंटे तक हुई परेशानी

मेडिकल कॉलेज के सर्जरी ओटी में सोमवार को सात मरीजों का ऑपरेशन होना था। तीमारदार समय से पहले ही अपने मरीज की बारी का इंतजार कर रहे थे। डॉक्टर्स और हेल्थ एंप्लाइज के आने के बाद ऑपरेशन शुरू हुए। लगभग दो घंटे में तीन मरीजों का ऑपरेशन हुआ। इसके बाद दूसरे चरण में महराजगंज की इंद्रावती और देवरिया के सुरेंद्र तिवारी को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया। दोनों को ओटी में ले जाया गया। इसके बाद ऑपरेशन शुरू हुआ। इसी बीच करीब 1.55 बजे अचानक बिजली चली गई। ओटी पूरी तरह अंधेरे में डुब गया। डॉक्टरों ने इमरजेंसी लाइट से दोनों मरीजों का किसी तरह से सफल ऑपरेशन किया।

दो मरीजों का ऑपरेशन होल्ड

मानीराम निवासी अशोक की पुत्री गुडि़या और देविरया के अनिल यादव पुत्र रामरतन यादव सुबह से ही ओटी में अपने मरीज के ऑपरेशन की बारी का इंतजार कर रहे थे। करीब तीन बजे अचानक डॉक्टर ने परेशानी बताते हुए ऑपरेशन होल्ड कर दिया। मायूस मरीज और तीमारदार चले गए। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही दवाओं की लिस्ट दे दी गई थी। हजारों रुपए की दवाएं खरीद लाए। ऑपरेशन का समय भी निर्धारित किया। मगर अचानक यह कह टाल दिया कि लाइट नहीं है।

वर्जन

बारिश की वजह से फॉल्ट हुआ था। जिसे कर्मचारियों ने ठीक कर लिया है। इस बीच जनरेटर से बिजली सप्लाई दी जा रही थी। कुछ जगहों पर परेशानी थी, उसे भी दूर कर लिया गया है।

- डॉ। एके श्रीवास्तव, एसआईसी