बहन की शादी के कार्ड बांटने गए युवक की दुर्घटना में मौत

लोगों ने मोबाइल के माध्यम से परिजनों को दी सूचना

- अछनेरा-किरावली रोड पर हुआ एक्सीडेंट

आगरा। घर से बहन की शादी का कार्ड बांटने गए युवक को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। कोटली की बगीची, ताजगंज निवासी 40 वर्षीय हरीश झा पुत्र भगवान सिंह शटरिंग का काम करता था। 8 मार्च को बहन की शादी होनी है। 28 फरवरी को लगुन थी।

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

हरीश बुधवार की रात किरावली कार्ड देने गया था। रात साढ़े ग्यारह बजे वह कार्ड बांट कर लौट रहा था कि अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। मौके पर उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों को उसके पास से मोबाइल मिला, जिससे उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेज दिया। मृतक के तीन बच्चे हैं। युवक की मौत से शादी वाले घर में मातम छा गया।