-अपने 8 साल के छोटे भाई की हत्या कर भाग निकला युवक

-बोरे में भर कर छिपा दी बॉडी, सुबह हुई मां को जानकारी

-रात में मां और भाईयों के साथ बैठकर किया था डिनर

ALLAHABAD: एक सनकी युवक ने शुक्रवार की रात में अपने 8 साल के छोटे भाई का बेरहमी से कत्ल कर दिया। चाकू से उसका गला रेत दिया। फिर उसे बोरे में भरकर बेसमेंट में छिपा कर भाग निकला। जब उसकी मां ने बच्चे की बॉडी देखी तो अचेत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आरोपी भाई की तलाश में पुलिस जुट गई है।

जमानत पर छूटा था

पुलिस रिकार्ड के मुताबिक बुदनी सोनभ्रद डिस्ट्रिक्ट की रहने वाली है। पति की मौत के बाद वह अपने चारों बच्चों के साथ शहर में काम करती है। चार बच्चों में आठ साल का तनु सबसे छोटा था। उससे बड़े तीनों भाई बबलू, उदयन और राकेश डेली वेज पर काम करते थे। बुदनी का बेटा राकेश कुछ सनकी टाइप का है। कुछ समय पहले उसने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेज दिया था।

सभी ने साथ में किया था डिनर

जेल से छूटने के बाद राकेश सिविल लाइंस एरिया में रहता था और रिक्शा चलता था। उसकी मां अलग रहती है। कुछ समय पहले उन्हें हाईकोर्ट के पास बन रहे बिल्डिंग में जॉब मिल गया। बुदनी अपने बच्चों के साथ वहीं रहती थी और काम करती थी। बिल्डिंग में सिर्फ दिन में नहीं बल्कि आधी रात के बाद तक काम होता है। सभी ओवरटाइम भी काम करते हैं। शुक्रवार की रात में राकेश अपनी मां से मिलने पहुंचा था। आधी रात को तीनों भाई और मां एक साथ डिनर किए और सो गए। बुदनी की माने तो कभी कभी राकेश मिलने आता था।

रात में किया कत्ल

रात में करीब दो बजे बबलू की नींद खुली तो वह दंग रह गया। बेड पर उसका भाई नहीं था। उसे लगा कि बाहर बाथरूम गया होगा। वह फिर सो गया। सैटरडे की मार्निग में तनु और राकेश गायब मिले। दोनों के गायब होने से उसकी तलाश शुरू हो गई। तभी किसी ने बताया कि नीचे बेसमेंट में एक बॉडी मिली है। घर वालों ने बिल्डिंग के बेसमेंट में जाकर देखा तो दंग रह गए। एक बोरे में तनु की बॉडी रखी थी। उसका गला रेत डाला गया था। यह सीन देखकर वे फफक पड़े।

छत पर ले जाकर मारा था

तनु की हत्या को लेकर सभी दंग रह गए। इस दौरान उन्होंने सिविल लाइंस पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस जांच करने पहुंच गई। जंाच के दौरान पता चला कि थर्ड फ्लोर पर ब्लड के निशान मिले हैं। जिससे साफ था कि तनु की हत्या छत पर ले जाकर की गई है। फैमिली मेम्बर्स को यकीन है कि तनु को कोई दूसरा नहीं बल्कि उसके भाई राकेश ने ही मार डाला। इस मामले में तनु की मां ने अपने बेटे के खिलाफ हत्या करने का मामला दर्ज कराया।

- राकेश अपराधी प्रवृत्ति का है। जेल से जमानत पर छूटा है। अपनी मां पर भी चाकू से हमला कर चुका है। अब अपने भाई की हत्या कर दी। उसकी तलाश की जा रही है।

सिविल लाइंस पुलिस