RANCHI : रांची सीट से बहुजन समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार दुर्गा उरांव ने कांग्रेस के सुबोधकांत के समर्थन में बैठने की घोषणा की है। दुर्गा उरांव के इस कदम से कांग्रेस ने थोड़ी राहत की सांस ली है। संडे को एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए दुर्गा उरांव ने कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि करप्शन के खिलाफ उनकी जंग आगे भी जारी रहेगी।

सुबोधकांत का किया गुणगान

दुर्गा उरांव ने कहा कि रांची सीट से चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों में सबसे बेहतर कांग्रेस पार्टी के सुबोधकांत सहाय हैं। यही वजह है कि मैंने सुबोधकांत को समर्थन देने का निर्णय लिया, ताकि वे चुनाव जीत सकें। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने की किसी भी संभावना से इंकार कर दिया।

पार्टी से सहयोग नहीं मिला

यह पूछे जाने पर कि मतदान के चार दिन पहले आखिर क्या वजह है कि उन्हें चुनाव मैदान से हटने की घोषणा करने के साथ कांग्रेस कैंडिडेट को समर्थन करना पड़ रहा है। इसपर दुर्गा उरांव ने कहा कि बहुजन पार्टी ने उन्हें रांची सीट से उम्मीदवार तो बनाया, पर चुनाव लड़ने के लिए पार्टी से कोई सहयोग नहीं मिला। अरगोड़ा में जब चुनाव ऑफिस खुला तो पार्टी का कोई लीडर वहां नहीं आया। पार्टी ने हर मौके पर छला है, इसलिए चुनाव मैदान से हटने का फैसला लेना पड़ा। यह पूछे जाने पर कि चुनाव मैदान से हटने के लिए कांग्रेस के साथ कोई डील हुई है, दुर्गा ने इंकार करते हुए कहा कि अगर डील करता तो करप्ट मिनिस्टर्स के खिलाफ आवाज नहीं उठाता।