-मायावती के 60वें जन्मदिन पर बसपाइयों ने काटा 60 किलो का केक

-नीले रंग में रंगा नेहरु युवा केंद्र, ढोल-नगाड़ों की धुन पर निकाली रैली

BAREILLY

बसपा सुप्रीमो मायावती के 60वें जन्म दिन को बसपाइयों ने धूमधाम से मनाया। मायावती के जन्मदिन के मौके पर फ्राइडे को शहर के नेहरू युवा केंद्र पर हजारों की संख्या में बसपाई पहुंचे। बसपाजनों ने करीब 60 किलो का केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया। वहीं बसपाइयों ने सपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। इस दौरान बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर फरीदपुर के पूर्व बीएसपी विधायक विजयपाल सिंह की घर वापसी हुई। उन्होंने फिर से पार्टी का दामन थामा।

अपराधियों को मिला है संरक्षण

नेहरू युवा केन्द्र बसपाई रंग में रंगा हुआ नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ चीफ गेस्ट जोनल कोऑर्डिनेटर ब्रह्मास्वरूप सागर ने किया। बसपाइयों को सम्बोधित करते हुए मीरगंज विधायक सुल्तान बेग ने कहा कि सपा के शासनकाल में जंगल राज कायम है। महिलाएं और बेटियां घरों में कैद होकर रह गई हैं। अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिला है। इसलिए वह खुलेआम अपराध कर बचकर निल जा रहे हैं। पुलिस को जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति करती रहती है। वहीं बिथरी चैनपुर के विधायक वीरेन्द्र सिंह ने कहा सूबे की जनता परेशान है। वह बसपा को सत्ता में देखना चाहती है। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा की सरकार आने पर अपराधियों को प्रदेश से बाहर खदेड़ दिया जाएगा। ताकि महिलाएं और बेटियां सुरक्षित महसूस कर सकें। व्यापारी बगैर डर के काम करें।

ढोल-नगाड़ों संग पहुंचे

उधर कैंट विधानसभा के प्रत्याशी अतुल सक्सेना ढोल-नगाड़ों के साथ रैली लेकर कार्यक्रम में पहुंचे। इसके बाद बसपाइयों ने मायावती के 60 वर्ष पूरे करने पर 60 किलो का केक काटा। इस मौके पर एमएलसी केसर सिंह, जिलाध्यक्ष आरके सागर, आंवला के प्रत्याशी अगम मौर्या, इंजी। अनीस अहमद, मंडल को-ऑर्डीनेटर नरेन्द्र कुमार, संजीव सागर, सीवी कुरील, राजकुमार पाल आदि मौजूद रहे। बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर 60 असहायों की आर्थिक मदद की गई। जबकि 5000 कंबल बांटे।

हाथी पर सवार हुए विजय पाल

बसपा सुप्रीमो के जन्म दिवस के मौके पर फरीदपुर विधानसभा के पूर्व बीएसपी विधायक विजयपाल सिंह की घर वापसी हुई। उन्हें अनुशासनहीनता के चलते लास्ट ईयर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। हाथी पर सवार होने के लिए पूर्व विधायक अपने काफिले के साथ पहुंचे।