JAMSHEDPUR: भगवान बुद्ध की 2562वीं जयंती सोमवार को शहर में विश्व शांति दिवस के रूप में मनाई गई। साकची सुवर्णरेखा लिंक रोड स्थित बौद्ध मंदिर में बोधि सोसायटी जमशेदपुर की ओर से सुबह छह बजे विश्व शांति प्रार्थना के साथ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। इसके बाद नौ बजे ध्वजारोहण के बाद रक्तदान शिविर और चिकित्सा शिविर आरंभ हुआ। दस से साढे़ 11 बजे तक बुद्ध की पूजा की गई, जिसे तीन बौद्ध भिक्षुओं ने संपन्न कराया। इसमें तीन जैन मुनि भी शामिल हुए। पूजा-अर्चना के बाद धर्म सभा का आयोजन हुआ। इसके बाद भिक्षुओं के बीच भोग वितरण हुआ, जिसके बाद समाज के सभी लोग एक साथ सामूहिक रूप से भोजन किया। दोपहर तीन बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय के साथ झारखंड क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह और इंटक के महासचिव एआर कैलाश शामिल हुए। शाम चार बजे धार्मिक सभा हुई, जिसमें सभी धर्मो के धर्मगुरु शामिल हुए और विश्व शांति पर चर्चा की। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर साकची बौद्ध मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है।

मुख्य भिक्षु ने की अगुवाई

बौद्ध मंदिर में बुद्ध पूर्णिमा पर सारे कार्यक्रमों की अगुवाई मुख्य भिक्षु डॉ। के संगरक्षित महाथेरा ने की। साकची मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में अरुणाचल प्रदेश से दो बौद्ध भिक्षुक भी शामिल हुए। जैन मुनियों ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर लोगों को बुद्ध पूर्णिमा की बधाई दी। बुद्ध पूर्णिमा का कार्यक्रम सोसाइटी की ओर से रविवार से ही प्रारंभ कर दिया गया था। रविवार को चेशायर होम, ओल्ड एज होम और कुष्ठ आश्रम जाकर सभी को खाना खिलाया गया।

बुद्धिस्ट शामिल हुए

साकची स्थित बौद्ध मंदिर में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शहर के बुद्धिस्ट शामिल हुए। जमशेदपुर में करीब दो हजार बुद्धिस्ट हैं। इसके अलावा भगवान बुद्ध को मानने वाले करीब पांच हजार लोग मंदिर पहुंचे। बोधि सोसाइटी जमशेदपुर के अध्यक्ष डॉ। मनोज हुमने, महासचिव अमल चौधरी, उपाध्यक्ष प्रकाश बरूआ, कोषाध्यक्ष सुमन बरूआ आदि ने आगंतुकों की आवभगत की।