-नगर निगम 6 महीने में 30 परसेंट बजट भी नहीं खर्च कर सका

-सैटरडे को कार्यकारिणी की बैठक में नगर निगम रखेगा पुनरीक्षित बजट

BAREILLY: नगर निगम ने वर्ष 2018-19 का पुनरीक्षित बजट तैयार कर लिया है। नगर निगम ने 4 अरब से अधिक का बजट तैयार किया है, जिसे सैटरडे को होने वाली कार्यकारिणी की बैठक में पास कराया जाएगा। वहीं दूसरी ओर देखें तो नगर निगम पुराने बजट को 6 महीने में सिर्फ 30 परसेंट ही खर्च कर पाया है और इसी तरह से टैक्स वसूली का भी टारगेट पूरा नहीं कर सका है। नगर निगम ने वर्ष 2018-19 में व्यय का बजट 3 अरब 5 करोड़ रखा था, लेकिन सिंतबर माह तक सिर्फ 92 लाख 91 हजार ही खर्च किया जा सका है।

88 करोड़ बजट शेष रहने की संभावना

नगर निगम ने अप्रैल में आय और व्यय का बजट पेश किया था। इसमें वर्ष 2017-18 में 2 अरब 10 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया था। वर्ष 2018-19 के लिए मूल बजट 3 अरब करोड़ का प्राविधान रखा गया था, जिसे सितंबर 2018 तक 92 करोड़ 91 लाख खर्च किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 का पुनरीक्षित बजट 3 अरब 22 करोड़ व्यय का प्राविधान रखा जा रहा है, जिसके अंत तक 88 करोड़ 30 लाख शेष रहने की संभावना है। इस तरह से वर्ष 2018-19 के आय-व्यय के अनुसार कुल बजट 4 अरब 11 करोड़ रखा जा रहा है।

31 करोड़ ही अभी तक कमाए

नगर निगम को वर्ष 2017-18 में 2 अरब 63 करोड़ की कुल आय प्राप्त हुई थी। मूल बजट वर्ष 2018-19 के आधार पर अनुमानित आय 2 अरब 77 करोड़ रखी गई थी। सितंबर 2018 तक सभी मदों में 31 करोड़ 34 लाख की आय प्राप्त हो चुकी है। पुनरीक्षित बजट 2018-19 में यह आय 3 अरब 8 करोड़ होने की संभावना है।

यह भी होंगे बजट में अहम

-स्मार्ट सिटी में 1 अरब व्यय का प्रावधान प्रस्तावित था, सितंबर माह तक सिर्फ 22 लाख 98 हजार खर्च किए जा चुके हैं, पुनरीक्षित बजट 1 अरब ही रखा गया है

-जल संभरण के लिए 2 करोड़ 30 लाख के व्यय का प्राविधान रखा था, सितंबर माह तक 1 करोड़ व्यय हो चुका है, पुनरीक्षित बजट में इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है

-अवस्थापना में 25 लाख का बजट रखा गया था, जो सितंबर माह तक एक रुपए भी खर्च नहीं किया है, इसमें कोई बदलाव नहीं किया है

-डोर टू डोर में वर्ष 2017-18 में 9.5 लाख की आय प्राप्त हुई थी, वर्ष 2018-19 में कोई प्राविधान ही नहीं रखा गया

-घास और फसलों की बिक्री से आय का बजट 4 लाख रखा गया था लेकिन अभी तक कोई आय प्राप्त ही नहीं हुई है

-भवनों के किराये से आय सितंबर तक कुछ भी प्राप्त नहीं हुई है, पुनरीक्षित बजट में इसे 5 लाख रुपए रखा गया है

4 अरब का पुनरीक्षित बजट तैयार किया है। इसे सैटरडे को होने वाली कार्यकारिणी की बैठक में रखा जाएगा। सितंबर माह तक आय-व्यय का ब्यौरा भी बजट में रखा गया है।

राजेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त