RANCHI: कोकर से रिम्स जाने वाले रास्ते में साधु मैदान के पास, चेशायर होम, बरियातू, हरमू रोड से लेकर सिटी के कई प्रमुख इलाकों में ऑन रोड बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानें सज गई हैं। ईट, गिट्टी, बालू से लेकर सरिया तक का व्यापार खुलेआम रोड पर हो रहा है। इससे अक्सर ट्रैफिक जाम में लोग फंस रहे हैं। इन सबके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी आंखें मूंद कर बैठे हैं। यह हाल तब है जबकि रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल रखने वालों पर रांची नगर निगम की ओर कार्रवाई की बात कही गई है। फाइन वसूलने है। लेकिन, यहां तो रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल न सिर्फ रखा जा रहा है, बल्कि पूरा बाजार ही लगा हुआ है। क्या ये सब रांची नगर निगम के अधिकारियों को दिखाई नहीं देता है।

गली-मुहल्लों में लग रहा जाम

गल्ली-मुहल्ले के बीच में बिल्डिंग मैटेरियल रखे जाने के कारण पूरी सड़क अतिक्रमित हो जाती है। वहीं दूसरी तरफ सड़क पर बालू, गिट्टी रखने से पीक आवर में जाम की स्थिति बनती है। इससे आये दिन इन जगहों पर लोग गिर कर दुर्घटना के शिकार भी हो रहे हैं।

किस काम का नगर निगम टास्क फोर्स

रांची नगर निगम ने इसके लिए टास्क फ ोर्स का गठन किया है। इस तरह के अतिक्रमण हटाने के लिए स्पेशल टॉस्क फ ोर्स है। इसके बाद सभी वार्ड में आवश्यकतानुसार मानव बल उपलब्ध कराया गया है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नही की जा रही है। कई जगहों पर स्थिति ऐसी है कि लोग ना केवल निजी उपयोग के लिए सड़कों पर बिल्डिंग मैटेरियल रखते हैं, बल्कि बकायदा सड़क पर ही दुकान खोल रखी है।

आधी रात आती हैं गाडि़यां

रात के 12 बजे जब लोगों के सोने का समय होता है, उस समय बालू, ईटा लेकर गाडि़यां पहुंचनी शुरू होती हैं। कोकर रोड का हाल यह है कि रात के 12 बजे से सुबह के नौ बजे तक गाडि़यां सामान लेकर पहुंचती हैं। आसपास रहने वाले लोग रात में गाडि़यों की आवाज से परेशान रहते हैं। आसपास के लोगों ने कई बार निगम को शिकायत भी की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।