आरोपी पक्ष का परिवार मोहल्ले से गायब

आगरा। रविवार को थाना रकाबगंज क्षेत्र मोहनपुरा में युवक जिंदा जल गया था। पुलिस ने उसे एसएन अस्पताल में भर्ती कराया था। आधी रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। श्मशान पर शव ले जाने के दौरान सांई की तकिया पर लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी मात्रा में पुलिस बल के चलते उनकी ये कोशिश विफल हो गई।

रात में 3.20 पर तोड़ा दम

90 प्रतिशत तक जली अवस्था में कुतलूपुर निवासी शिवकुमार को एसएन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। हॉस्पिटल में क्षेत्रीय लोगों और परिजनों की भीड़ लगी हुई थी। रात में 3.20 मिनट पर उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

लड़की का खानदान रातों रात हो गया गायब

रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर लड़की का खानदान रातोंरात फरार हो गया। सुबह रिश्तेनातेदारों के घर में ताले डले हुए थे। लोगों की भीड़ उनके घरों के आगे खड़ी हुई थी। आरोपी पक्ष से दो लोगों को पुलिस की हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने की जल्दी कार्रवाई

पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम जल्दी करवा दिया था। दोपहर में उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस से फोर्स के साथ एरिया में भेजा गया था। दोपहर एक पांच पर बॉडी को श्मशान ले जाया गया। सीओ सदर मय फोर्स के साथ में थे।

कुछ हालात बिगड़ते दिखे

जब शव को श्मशान ले जाया जा रहा था तो उस दौरान क्षेत्र के लोगों में गुस्सा था। उनका ये गुस्सा साईं की तकिया पर फूट पड़ा। लोगों ने थोड़ा हंगामा करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने व्यवस्था संभाल ली। किसी को भी हंगामा नहीं करने दिया।