भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मऊआइमा थाने में दी तहरीर

दो डॉक्टरों के पैनल व वीडियो रिकार्डिग के साथ हुआ पोस्टमार्टम

PRAYAGRAJ: ससुराल में घर के अंदर सरिता देवी (25) की जली हुई डेड बॉडी मिली। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे में मिट्टी के तेल की गंध मिली। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस की ओर से मायके वालों को खबर दी गई। सूचना पर पहुंचे भाई विकास चंद्र ने पुलिस को दहेज हत्या की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार के अन्य सदस्य फरार हैं। इस बीच शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टर्स की टीम ने वीडियो रिकार्डिग के साथ की।

भाईयों ने किया था विवाह

थरवई थाना क्षेत्र के बनकेसरी गांव निवासी सरिता देवी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। माता पिता की मौत के बाद घर की जिम्मेदारी भाइयों पर थी। दो बहन की शादी मां बाप कर चुके थे। सरिता की शादी भाइयों ने मऊआइमा थाना क्षेत्र के लहुरीसराय गांव निवासी अरविंद कुमार के साथ की। बताते हैं कि जून 2018 में शादी के बाद सरिता ससुराल चली गई। भाई भी किसी तरह मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करने लगे।

दहेज में दो लाख मांग रहे थे

आरोप है कि ससुराल के लोग दो लाख रुपए दहेज में और मांग रहे थे। आर्थिक स्थिति ठीक न होने से भाई मांग पूरी नहीं कर सके। बुधवार की सुबह सरिता का जला हुआ शव कमरे में मिला। उसकी ससुराल में पूरी तरह सन्नाटा पसरा था। आशंका बस किसी ने सूचना मऊआइमा पुलिस को दी। पुलिस पहुंची और कमरे की जांच शुरू की। मौत का कारण अस्पष्ट न होने पर पुलिस ने सूचना उसके भाई सुभाष चंद्र, विकास चंद्र व दिनेश को दी।

पति हिरासत में अन्य फरार

खबर मिलते ही सुभाषचंद्र व विकासचंद्र बहन की ससुराल पहुंचे। सबसे छोटा भाई दिल्ली में प्राइवेट काम करता है। बहन के शव को देख कर दोनों भाई चीख पड़े। पुलिस को दी तहरीर में विकास ने बताया कि ससुराल के लोग दहेज में दो लाख रुपए मांग रहे थे। पैसा न दे पाने पर उन लोगों ने बहन को जला कर मार डाला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अरविंद को हिरासत में ले लिया है। फरार अन्य ससुरालियों की तलाश जारी है।