बरातियों से भरी बस पलटी, चार की मौत

आगरा। जनपद मथुरा के थाना फरह अन्तर्गत गांव परखम से बरात लेकर वापस थाना कागारौल के गांव औरंगपुर लौट रही बरातियों से भरी बस अछनेरा के निकट शुक्रवार की देर रात्रि असंतुलित होकर खेत में जाकर पलट गई। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में 22 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बतायी गई है।

गाव औरंगपुर निवासी पीतम सिंह के पुत्र अवनीश और अभिषेक दोनों भाइयों की बरात जनपद मथुरा के थाना फरह अन्तर्गत गांव परखम गई थी। शुक्रवार को विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद सभी बराती बस संख्या यूपी 80 सीटी 5444 से अपने गांव औरंगपुर वापस लौट रहे थे। अछनेरा के निकट करबला के पास बस असंतुलित होकर खेत में जाकर पलट गयी। हादसे में हरविलास उम्र 65 वर्ष, भूरी उम्र 52 वर्ष, नेत्रपाल उम्र 58 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दिनेश पुत्र निरंजन उम्र 22 की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी। बताया गया है कि चालक नशे में था। इस कारण हादसा हो गया। चालक मौके से फरार बताया गया है।