बाइक सवार को बचाने में बस गिरी गड्ढे में

मोतिहारी, पू. चंपारण (जेएनएन)। मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रही यात्री बस (यूपी 75 एटी 2313) गुरुवार को कोटवा में बाइक सवार को बचाने के क्रम में दुर्घटनाग्रस्त होकर 15 फुट गढ्डे में जा गिरी। इसके बाद बस में आग लग गई। इसमें 13 यात्री घायल हो गए। इनमें आठ ने बस की खिड़की का शीशा का तोड़कर जान बचाई। पहले खबर आई थी कि दुर्घटना में कई लोग जलकर मर गए हैं, लेकिन बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद मौत की पुष्टि नहीं की।

13 यात्री ही थे बस में, आठ का चल रहा इलाज

घायलों की स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल लाया गया है। इनकी हालत गंभीर है। पूर्वी चंपारण के डीएम रमण कुमार, एसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने जायजा लिया। मुजफ्फरपुर से आयुक्त और आइजी - डीआइजी भी पहुंचे। डीएम ने कहा कि बस में 13 यात्री थे। आठ घायलों का इलाज चल रहा है। शेष के पास भी बाहर निकलने का वक्त था। कोई शव नहीं मिला है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। बस हादसे में घायल समस्तीपुर निवासी संजीव कुमार ने कहा कि 13 लोग सवार थे।

कर्मी फरार, एक हिरासत में

हादसे की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर स्थित बैरिया बस स्टैंड में बस बुकिंग सेंटर के कर्मचारी फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने एक को हिरासत में लिया। वहां से बुकिंग रजिस्टर व बुक टिकट जब्त किया गया। घायलों ने बताया कि बैरिया बस स्टैंड से बस दोपहर सवा दो बजे खुली थी। अपराह्न करीब 3.45 बजे जैसे ही बस कोटवा पहुंची कि एक बाइक सवार तेजी सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और नियंत्रण खो दिया। बस सड़क किनारे 15 फुट गढ्डे में जा गिरी। उसमें आग लग गई। आग की लपटें तेज हो गई। कुछ यात्रियों ने खिड़की का शीशा तोड़कर जान बचाई, लेकिन गंभीर रूप से झुलस गए। बस को क्रेन की मदद से निकाली गई। कई दमकल की गाडि़यां पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

सभी 13 यात्री घायल हुए हैं। आठ का इलाज चल रहा है। पांच अन्य यात्रियों को मामूली चोट थी। हादसे के बाद अन्य वाहनों से अपने घरों को चले गए। यात्रियों से बातचीत हुई है।

- रजनीश लाल, एसडीओ, मोतिहारी सदर ( पूर्वी चंपारण)

किसी यात्री का शव नहीं मिला है। अभी बचाव कार्य चल रहा है। आठ घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर अभी भी तलाशी जारी है।

- रमण कुमार, डीएम, मोतिहारी ( पूर्वी चंपारण)

मैंने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया। शव मिलने की बात सामने नहीं आई है। बस पूरी तरह जल चुकी थी। एफएसएल की टीम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

- सुनील कुमार, जोनल आइजी

National News inextlive from India News Desk