PATNA : डीजल की कीमत में हुई वृद्धि का असर दिखने लगा है। राजधानी सहित पूरे बिहार में यात्रा करनी अब महंगी हो गई है। बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने सोमवार से बस, मिनी बस और ऑटो के किराए में वृद्धि कर दी है। नया किराया रविवार की आधी रात से लागू हो गया। भाड़ा बढ़ाने को लेकर परिवहन विभाग ने भी पिछले दिनों आम गजट प्रकाशित किया था। गजट के 30 दिनों के बाद वृद्धि होनी थी। हालांकि छह अक्टूबर को दावा-आपत्ति लेने की अवधि तय थी।

लोकल बसों का किराया भी बढ़ा

बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने लंबे रूट के बस भाड़े में 20 फीसदी और लोकल बसों में 25 फीसदी की वृद्धि की घोषणा की है। फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर सिंह साथ ही किराया चार्ट भी जारी किया है। उनका कहना है कि 25 सितंबर को राज्य सरकार को भाड़े में वृद्धि की सूचना दे दी गई थी। छह अक्टूबर तक इंतजार करना संभव नहीं है।

ऑटो का सफर भी हुआ महंगा

ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट व‌र्क्स फेडरेशन के राजकुमार झा ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि के कारण आम गजट की अवधि पूरी होने का इंतजार संभव नहीं है। एक अक्टूबर से सभी प्रकार के वाहनों के किराये में वृद्धि कर दी गई है। पटना शहर के ऑटो के किराये में भी वृद्धि कर दी गई है। राज्यभर के जिला परिवहन पदाधिकारी छह अक्टूबर को मान्यता प्राप्त यूनियनों के साथ बैठक कर ऑटो और मिनी बस का किराया तय करें। अन्यथा यूनियन बढ़ी दर जारी रखेगा। 15 से 20 फीसदी तक ऑटो के किराये में वृद्धि की गई है।

पटना से अन्य जगहों का भाड़ा

गंतव्य पुराना रेट नया रेट

गया 145 185

पूर्णिया 250 290

सिलीगुड़ी 500 625

मुजफ्फरपुर 110 150

सीतामढ़ी 200 250

बेतिया 265 325

रक्सौल 265 330

जयनगर 275 325

मधुबनी 215 275

दरभंगा 195 230

लौकहा 290 340

मोतिहारी 210 260

झंझारपुर 255 300

समस्तीपुर 125 175

रोसड़ा 145 200

मधेपुर 275 325

फुलपरास 290 330