- घर पर खाया जहर, अस्पताल में तोड़ा दम

- पत्नी से चल रहा था विवाद, दर्ज था मुकदमा

GORAKHPUR: राजघाट एरिया के हिंदी बाजार में कपड़े का कारोबार करने वाले नितिन कुमार ने जहर खाकर जान दे दी। सोमवार सुबह उसने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार में कलह से नितिन परेशान था। पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था।

मुंह से झाग देख हुई जानकारी

छोटे काजीपुर मोहल्ला निवासी बृजमनदास के बेटे नितिन कुमार की हिंदी बाजार में कपड़े की शॉप है। सोमवार की सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिजनेसमैन के निधन की सूचना पर पुलिस पहुंची। कानूनी औपचारिकता पूरी करके पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

पत्नी ने किया था केस

परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीन साल पहले 17 फरवरी 2014 को नितिन की शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पत्नी से उसका विवाद हो गया। पति से नाराज पत्नी अलहदादपुर स्थित अपने मायके चली गई। दोनों के बीच रिश्ते मधुर ना होने से बात बिगड़ती चली गई। पति से नाराज पत्नी ने जुलाई 2016 में उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। परिजनों का कहना है कि दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज होने के बाद नितिन काफी परेशान चल रहा था।