- सिंचाई मंत्री ने कहा वारदात को सहारनपुर की तरह जान-बूझकर अंजाम दिया गया

- भाजपा ने तोड़ा है पुलिस-अपराधी, सचिव-मंत्रियों का समझौता, आरोपी होंगे सलाखों में

BAREILLY:

'बुलंदशहर स्टेट हाईवे पर रामनेर के पास हुई दुष्कर्म की वारदात निंदनीय है, लेकिन इस तरह की वारदातों को किसी के इशारे पर किया जा रहा है। पुलिस, अपराधियों, सचिवों, मंत्रियों का जो समझौता था वह टूट गया है। सत्ता का संरक्षण अपराधियों को नहीं मिला तो वह छटपटा कर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन ऐसे लोग जल्द ही सलाखों में होंगे.' फ्राइडे को सर्किट हाउस पहुंचे सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने यह बातें कहीं। कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया जा रहा है।

कई उपलब्धियां हासिल हैं

केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने के सवाल पर कहा, जनधन योजना में करोड़ों लोगों के खाते खुलवाना, घर-घर रसोई गैस पहुंचाना, कालाधन पर चोट करना, जीएसटी लागू करना यह सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं। कांग्रेस जो केंद्र में 50 साल में काम नहीं कर पाई वह भाजपा सरकार ने तीन साल में कर दिखाया। वर्ष 2019 में हम विकास के नाम पर वोट मांगेंगे और फिर से केंद्र में सरकार बनाएंगे। लीलौर झील घोटाले के आरोपियों पर कार्रवाई के सवाल पर कहा, एक-दो दिन में रिपोर्ट हमारे पास आ जाएगी। उसके बाद कार्रवाईयां शुरू होंगी। सिंचाई मंत्रालय पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ के सपनों को साकार करने का काम कर रहा है। कहा कि 97 डैम की मरम्मत के नाम पर करोड़ों का घोटाला हुआ है। उसके जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।