कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा ने किया हेरिटेज वॉक का उदघाटन

ALLAHABAD: शहर के तमाम धार्मिक, राजनीतिक और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी पर्यटकों को हेरिटेज वॉक और गाइड के माध्यम से दी जाएगी। इन स्थलों का इतिहास बताकर उन्हें आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा। इलाहाबाद को पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की मुहिम हेरिटेज वॉक का उदघाटन बुधवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा से कैबिनेट मंत्री डॉ। रीता बहुगुणा जोशी ने किया। व‌र्ल्ड टूरिज्म डे के मौके पर हेरिटेज वॉक के पोस्टर, स्लोगन और मैप को भी लांच किया गया।

चिन्हित कर होगा सौंदर्यीकरण

कैबिनेट मंत्री ने पर्यटन की दृष्टि से प्रयाग को विकसित करने के कमिश्नर डॉ। आशीष गोयल और डीएम संजय कुमार की सराहना की। उन्होंने कहा कि हेरिटेज वॉक के माध्यम से सभी ऐतिहासिक स्थलों को चिन्हित कर उनका सौंदर्यीकरण कर उन्हें दर्शनीय स्थल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। हेरिटेज वॉक के तहत गाइडों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें चंद्रशेखर आजाद पार्क, अकबर का किला, खुशरूबाग, इलाहाबाद विवि आदि स्थलों की संपूर्ण जानकारी रखनी होगी।

मिलेंगे रोजगार के अवसर

कमिश्नर ने कहा कि हेरिटेज वाक इलाहाबाद को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का बड़ा कदम है। जल्द ही संगम वॉक का भी उदघाटन होगा। डीएम संजय कुमार ने कहा कि इसके माध्यम से लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। अभी तक दूरदराज से आने वालों का आकर्षण का केंद्र स्वराज भवन या संगम होता है। हेरिटेज वॉक इसका दायरा बढ़ाने का काम करेगा। लोग शहर के अन्य ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानेंगे। बता दें कि विश्व पर्यटन की थीम सब्सटेनेबल टूरिज्म अ टूल फॉर इम्प्लायमेंट थी। हेरिटेज वॉक में सौ वॉकर्स ने भाग लिया। जो आजाद पार्क के गेट नंबर तीन आरंभ हुई।