- साधु संतों ने गंगा, गौ रक्षा व मठ मंदिर के अधिग्रहण को रोकने के लिए उठायी आवाज

- आतंकवाद को खत्म करने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने पर दिया जोर

ALLAHABAD: अखिल भारतीय दंडी संयासी प्रबंधन समिति के संरक्षक शंकराचार्य स्वामी महेशाश्रम महाराज के मोरी मार्ग स्थित शिविर में बुधवार को आयोजित धर्म संसद में आतंकवाद का मुद्दा गूंजा। साधु संतों ने आतंकवाद के खात्मे के लिए कड़े कदम उठाने की वकालत की। कहा कि आतंकवाद सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान सहित विदेशों में भी तेजी से फैल रहा है।

मठ, मंदिरों पर सरकारी कब्जा गलत

साधु संतों ने गंगा, गौ रक्षा, मठ एवं मंदिरों के अधिग्रहण रोकने के लिए आवाज बुलंद की। इनपर सरकारी कब्जे को रोकने की बात कही। शंकराचार्य स्वामी महेशाश्रम ने धर्म संसद के उद्देश्य और जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि ज्वलंत समस्याओं का समाधान संत महात्मा ही करते हैं। संचालन अचार्य डॉ। चन्द्रदेव मिश्र ने किया। इस मौके पर स्वामी शारदानंद सरस्वती, अखिल भारती अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी, स्वामी चिदात्मन, स्वामी विमलदेव आश्रम, पीठाधीश्वर स्वामी ब्रम्हाश्रम महाराज, महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा समेत अन्य संत महात्मा मौजूद रहे।