- रातभर इत्मीनान से सोए विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी

- सुबह नहीं रही भागमभाग, कार्यकर्ताओं से जाना हाल

GORAKHPUR: दो महीने से चुनाव प्रक्रिया चल रही थी। सुबह से रात तक शेडयूल हैक्टिक था। न ठीक से भोजन हो पा रहा था और न परिजनों से बातचीत। शनिवार को चुनावी शोरगुल शांत हो गया। इसके बाद रविवार को प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली। रविवार को प्रत्याशियों का दिन कैसे बिता यह जानने जब दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट रिपोर्टर उनके घर गया तो कोई अपने समर्थकों से चुनाव का फिडबैक लेता मिला तो कोई परिवार संग मस्ती करता मिला।

घंटों बैठे रहे कार्यकर्ता, होती रही बातचीत

पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी आफताब आलम का मकान भटहट कस्बे से दो किलोमीटर दूर परसौना गांव में है। घर से दो सौ कदम की दूरी पर उनका ऑफिस है। रोज की तरह आफताब सुबह करीब साढ़े छह बजे जगे। जगने पर उनको बताया गया कि क्षेत्र के लोगों का तांता लगा है। लोग मिलने के लिए ब्रेसबी से इंतजार कर रहे हैं। सबके जुटने की जानकारी होने पर प्रत्याशी ने सबके संग चाय पीने की बात की। घर से निकलकर सीधे कार्यालय के लॉन में पहुंच गए। वहां मौजूद लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया तो बोले थोड़ा आराम कर लीजिए। हर कोई क्षेत्र में खूब दौड़ा है। इसके बाद आफताब ने एक-एक करके लोगों का हालचाल पूछा। इसी बीच सबके लिए चाय आई। चाय-बिस्किट संग बूथ समीक्षा की बतकही शुरू हो गई। अपने कार्यकर्ताओं, मददगारों और शुभचितंकों से उनके बूथ का हाल जानने की कोशिश में लग गए। किस प्रत्याशी को कितना वोट मिला। इसका आंकलन घंटों होता रहा। लंबी बातचीत के बाद आफताब नहाने की बात कहकर घर चले गए। थोड़ा आराम करने के बाद क्षेत्र में निकलने को कहा। फिर प्रत्याशी के घर पर लोगों की भीड़ जमा रही।

परिवार संग पहली चाय से हुई दिन की शुरुआत

बांसगांव विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर विमलेश पासवान का मकान बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सामने है। वहां परिवार के सभी सदस्य रहते हैं। चुनाव के दौरान बांसगांव के कौड़ीराम स्थित आवास पर उनका ठिकाना बन गया था। चुनाव प्रचार के दौरान उनको गोरखपुर आने का मौका नहीं मिल सका। कभी आए भी तो सिर्फ चुनावी कार्यक्रमों में। शनिवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद वह मेडिकल कॉलेज आवास लौट आए थे। महीनों की दौड़भाग के बाद पूरी रात चैन से सोए। रविवार सुबह जगे तो परिवार के सदस्यों संग पहली चाय से दिन की शुरुआत की। मां सुभावती पासवान, बड़े भाई सांसद कमलेश पासवान और अन्य लोगों के साथ हंसी-ठिठोली के बीच अपने चुनावी अनुभवों को शेयर किया। धीरे-धीरे आसपास के इलाके के लोग भी आने लगे। उनसे मिलकर डॉक्टर ने सबका हाल जाना। फिर तैयार होकर पारिवारिक करीबियों संग मीटिंग की। दोपहर 12 बजे क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बांसगांव रवाना हो गए।

एक माह बाद परिवार संग खाया खाना

शहर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस और सपा के संयुक्त प्रत्याशी राणा राहुल सिंह रोज की तरह सुबह साढ़े पांच बजे जग गए। मोहद्दीपुर निवासी राणा राहुल सिंह गर्म पानी पीकर फ्रेश होने के बाद अपने कमरे से नीचे आए। वहां देखा कि कुछ लोग साफ- सफाई कर रहे थे। उन लोगों से बातचीत करते हुए उनके साथ ही चाय पी। रोज मिलने वाले लोगों से करीब एक माह बाद मुलाकात हुई। करीब आधे घंटे तक पोलिंग को लेकर चर्चा करके नहाने चले गए। दोबारा घर की चाय पीकर परिचितों से मिलने निकल गए। चुनावी व्यस्तता के दौरान ऐसे लोग भी थे जिनके घर कार्यक्रमों में नहीं जा पाए थे। उनके घर जाकर अपनी बात रखी। मोहल्ले में एक शुभचितंक के घर सुबह का नाश्ता किया। दोपहर में करीब ढाई बजे घर लौटे तो बच्चों संग भोजन किया। राणा ने कहा कि करीब एक माह बाद घर का भोजन करने का मौका मिला। भोजन के बाद आधे घंटे तक आराम किया। मिलने-जुलने के लिए लोग देर शाम तक आते रहे। इसलिए उनके साथ चुनाव को लेकर समीक्षा होती रही।

शाम को पहुंचे मंदिर, योगी से लिया आशीर्वाद

पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी महेंद्रपाल सिंह अपने पैतृक गांव महराजगंज, जमुनारा टोले पर रहकर चुनाव संचालन कर रहे थे। गांव के पास ही उनका ईट भट्ठा है। शनिवार को चुनाव खत्म होने के बाद वह गांव पर ही थे। रविवार सुबह रोज की अपेक्षा दो घंटे विलंब से करीब सात बजे वह जगे। दैनिक कार्यो से निवृत्त होकर चाय पी। समर्थकों संग पैदल टहलते हुए ईट भट्ठे के ऑफिस पर पहुंचे। रामधनी नाई को बुलाकर बाल कटवाया। सेविंग कराकर नहाने के लिए घर लौट गए। करीब साढ़े नौ बजे वह दोबारा भट्ठे पर पहुंचे। उनके साथ गांव के प्रेमानंद सिंह सहित कई लोग थे। वहां पहले से ही समर्थक पहुंच चुके थे। समर्थकों के बीच बैठकर उन्होंने चुनाव की समीक्षा की। आने-जाने वाले लोगों से मिलकर चुनाव में सहयोग के लिए आभार जताते रहे। करीब साढ़े 10 बजे समर्थकों संग बैठकर उन्होंने भोजन किया। भोजन के बाद भी मिलने-जुलने वाले जुटे रहे। दोपहर करीब तीन बजे बैजनाथपुर-बालापार स्थित अपने स्कूल पर पहुंचे। क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में ही वोटों को लेकर समीक्षा की गई। इस दौरान बीच-बीच में फोन बजने पर वह सहयोग के लिए सबको धन्यवाद देते हुए आभार जताते रहे। शाम को गुरु गोरक्षनाथ मंदिर पहुंचकर उन्होंने सदर सांसद गोरक्षपीठाश्वर महंत योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद लिया।