- इन्द्रजीत सिंह एडवोकेट गोछरन के प्रधान बने

- ग्राम पंचायत सदस्यों के कई पद रह गए रिक्त

BANSGAON/SAHJANWA/URUVA/PIPRAICH:

जिले के विभिन्न ब्लॉक में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए हुए उपचुनाव का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। विजयी प्रत्याशी समर्थकों ने जमकर अबीर गुलाल उड़ाए और जीत पर खुशी का इजहार किया। वहीं हारे प्रत्याशियों और समर्थकों के यहां सन्नाटा है। उपचुनाव के बाद भी ग्राम पंचायत सदस्य के कई पद रिक्त रह गए हैं।

47 मतों से किया पराजित

बांसगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोछरन में प्रधान पद के प्रत्याशी इन्द्रजीत सिंह एडवोकेट ने अपने निकटम प्रतिद्वंदी कृष्णमोहन साहनी को 47 मतों से पराजित कर दिया। निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इन्द्रजीत को कुल 397 मत मिले। वहीं कृष्णमोहन साहनी को 350 मत ही मिल सके। एक अन्य प्रत्याशी ओमप्रकाष सिंह प्रजापति को मात्र 7 मतों से ही संतोष करना पड़ा। 13 मत अवैध घोषित किये गए। वहीं ग्राम पंचायत जिगिना भियांव में किरन देवी शुक्ला, गोछरन से चंद्रावती देवी, परसौनी से रामहोसिला तथा मउ खुर्द से चंद्रावती देवी को सदस्य घोषित किया गया। इनके अलावा 54 ग्राम पंचायतों में 301 सदस्य निर्विरोध चुने गये। बावजूद छह ग्राम पंचायतों में सदस्य के एक एक पद रिक्त रह गये हैं।

जश्न में डूबे लोग

गोछरन का परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशी इन्द्रजीत सिंह एडवोकेट के समर्थक खुशी से झूम उठे। प्रमाण पत्र के साथ ब्लॉक परिसर से इन्द्रजीत जैसे ही बाहर निकले उनके समर्थकों ने कंधे पर बिठा लिया। जमकर अबीर गुलाल उड़ाते, एक दूसरे को मिठाइयां खिलाते जश्न मनाते रहे। विजय जुलूस के साथ इन्द्रजीत हनुमान मन्दिर तथा दुर्गा मन्दिर पहुंचे। जहां पर उन्होंने मत्था टेकने के बाद समर्थकों के प्रति आभार जताया।

प्रधानी हार सदस्य बना

बांसगांव के परसौनी से प्रधान पद पर हार गए रामहोसिला ने उपचुनाव में सदस्य पद के लिये उम्मीदवारी की। रामहोसिला निर्वाचित घोषित किए गए। उनका कहना है कि पंचायत की सेवा के लिए राजनीति में आना था। प्रधान के रूप में ना सही, सदस्य के रूप में ही लोगों की सेवा करेंगे।

17 बने सदस्य

सहजनवां तहसील के पिपरौली ब्लॉक में बेलवा डांडी में सदस्य के पांच पदों को छोड़ शेष पर र्निविरोध निर्वाचन हुआ था। बेलवा डांडी के वार्ड संख्या 9 से इंद्रावती देवी, वार्ड आठ से कमलावती देवी, वार्ड दो से किरन देवी, वार्ड तीन से महेंद्र तथा वार्ड सात से राकेश को निर्वाचित घोषित किया गया। पाली के चार गांवों में बारह सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। सबसे अधिक नौ सीटों वाले ग्राम सभा टड़वा कला में वार्ड एक से रंभा, वार्ड दो से जवाहर, वार्ड तीन से वीरेंद्र, वार्ड पांच से जय किशन, वार्ड छह से गामा, वार्ड सात से गायत्री, वार्ड आठ से पुजारी, वार्ड दस से शारदा तथा वार्ड ग्यारह से कौशल्या विजयी रही। इसके अलावा महराबारी के वार्ड संख्या नौ से कलावती देवी, बवन्ड्रा के वार्ड संख्या आठ से रानी देवी, गोविंदपुर द्वितीय के वार्ड संख्या 10 से धनराजी देवी निर्वाचित हुई।

उरुवा ब्लॉक के 10 वार्डो की मतगणना ब्लॉक परिसर में हुई। टिकरी के वार्ड नंबर 6 में दुर्गावती, 7 में सुखराम, 8 में ऊषा देवी, 13 में कमलावती, हुर्दी के वार्ड नंबर 5 में राम प्रकाश, पहाड़पुर के वार्ड नंबर 1 में जनीदुन्न, 2 में जैनम खातुन, 5 में रविन्द्र, 6 में फूला देवी, 7 में सुन्नर सदस्य पद पर निर्वाचित हुए। यह जानकारी बीडीओ एसके मौर्या ने दी।

पिपराइच के माड़ापार में रिक्त पांच ग्राम पंचायत सदस्यों का परिणाम घोषित किया गया। अनारकली, त्रिलोकि, बांसमती, इंदु व मीरा विजयी घोषित की गई।