- पहले दिन नहीं हुआ एक भी नामांकन, 9, 11 और 13 फरवरी की तारीख बनी प्रत्याशियों की पसंद

saurabh.upadhyay@inext.co.in

GORAKHPUR: यूं तो नामांकन के लिए 7 से 14 फरवरी की तारीख तय है, लेकिन मंगलवार यानी सात जनवरी को एक भी नामांकन नहीं हुआ। वजह, शुभ मुहूर्त का न होना। हर प्रत्याशी ने ज्योतिषियों से राय-मशविरा करने के बाद नामांकन के लिए खास मुहूर्त तय कर रखा है। इस लिहाज से 9, 11 और 13 फरवरी को ज्यादातर नामांकन के लिए तैयारी किए हुए हैं।

तीन तारीखें पसंदीदा

जिले में तीन प्रमुख पार्टियां इस बार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा और बसपा ने जिले के सभी नौ विधान सभाओं पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं कांग्रेस और सपा के गठबंधन में सपा के पास छह और कांग्रेस के पास तीन सीटें हैं। इनमें अधिकांश प्रत्याशी इन्हीं तीन तारीखों में अपना नामांकन करने जा रहे हैं। बसपा के एक पदाधिकारी का कहना है कि एक प्रत्याशी नौ तारीख को पर्चा दाखिल करेंगे, जबकि अन्य सभी 11 फरवरी को करेंगे। वहीं भाजपा के क्षेत्रीय प्रवक्ता डॉ। सत्येंद्र सिन्हा ने बताया कि जिले के नौ विधान सभा क्षेत्र में भाजपा के पांच प्रत्याशी नौ और 11 फरवरी को करेंगे।

इसलिए शुभ मान रहे तारीख

9 फरवरी: नौ अंक अंकों का सर्वोच्च अंक होता है। इसलिए इस अंक को लोग शुभ मानते हैं। इसके अलावा नौ अंक मंगल का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए इसमें ऊर्जा अधिक होती है। ज्योतिर्विद पंडित नरेंद्र उपाध्याय का कहना है कि नौ फरवरी को चंद्रमा पूर्ण स्थान पर है, शुक्र उच्च स्थान पर है और मंगल मित्र स्थान पर है, जबकि नौ फरवरी को अन्य ग्रहों की स्थिति अच्छी है।

11 फरवरी : यह बहुत ही शुभ अंक माना जाता है। 11 का मूलांक दो होता है जो चंद्रमा का प्रतिनिधित्व करता है। अंक शुभ होने के साथ ही साथ 11 फरवरी को अन्य ग्रहों की स्थिति बहुत ही अच्छी है। हालांकि चंद्रमा थोड़ा कमजोर है, लेकिन अन्य ग्रहों की मजबूती के कारण समय अच्छा है।

13 फरवरी: 13 अंक को एक चमात्कारिक अंक माना जाता है। इस अंक का मूलांक चार होता है। जो हरशक ग्रह का प्रतिनिधित्व करता है। पं। नरेंद्र उपाध्याय का कहना है कि हालांकि इस अंक को लोग अशुभ मानते हैं, लेकिन इसके पूर्व के शुभ परिणामों को देखते हुए लोगों के अंदर इस तिथि का महत्व बढ़ गया है।

वर्जन

अच्छे और शुभ समय का निर्धारण जन्मांक के हिसाब से होता है। इसलिए लोगों को तारीखों का महत्व बढ़ जाता है। बहुत सारे शुभ अंक होते हैं, इसमें 9, 11 और 13 को महत्व होता है। इसलिए प्रत्याशियों को यह दिन विशेष रुचि का है।

-पंडित नरेंद्र उपाध्याय, ज्योतिर्विद