JAMSHEDPUR: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड केजीएन कॉलोनी निवासी ड्राइवर आफताब खान का की बॉडी शुक्रवार सुबह दस बजे उनके घर में पंखे में लटकी मिली। सूचना के बाद परिजन घर पहुंचे। मृतक के परिजन ने आफताब की पत्‍‌नी व साला सुल्तान पर हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद सुल्तान और उसके घर वाले भड़क उठे। उन्होंने अफताब के घर के सामने खड़ी इनोवा कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने सुल्तान की पिटाई कर दी। लोग इस कदर गुस्से में थे कि सुल्तान की हत्या कर देते, पर कुछ लोगों ने उसे बचाकर आजादनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। घटना के बाद से इलाके में पुलिस सतर्कता बरत रही है।

किराए पर रहता था

मालूम हो कि कुदुस अंसारी की कार अफताब आलम चलाता था। मृतक के छोटे भाई इरफान खान ने बताया उसका भाई परिवार के साथ अलग मकान में किराये पर रहता था। पति-पत्‍‌नी में अक्सर झगड़ा होता था। आफताब ने पिंकी उर्फ रुबिना से चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसे परिचित सोनू से जानकारी मिली कि आफताब का शव फंदे से लटका पाया गया है। जाकर देखा तो आफताब के दोनों पैरों में रस्सी बंधा था। हाथ भी बंधे थे। इस बीच सुल्तान मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचित किए बगैर ही शव को फंदे से उतार दिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आफताब की पत्‍‌नी गुरुवार से ही मायके में है।

हत्या की आशंका

आजादनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र ठाकुर ने शव का पंचनामा तैयार किया। उनके मुताबिक मृतक के गले के बीचो-बीच ओढ़नी के लाल दाग और दोनों पैरों में बांधने के निशान पाए गए हैं। दोनों पैरों की एड़ी और तलहत्थी काले पड़ गए हैं। इंस्पेक्टर के मुताबिक, मामला हत्या का प्रतीत होता है। वैसे पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। एड़ी व तलहथी उसी परिस्थिति में काले पड़ जाते हैं, जब जहर का सेवन किया गया हो।

फोन नहीं उठाने पर भेजा

पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि अफताब को कार लेकर शुक्रवार सुबह रांची जाना था। कार मालिक इसके लिए लगातार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे। जब आफताब ने फोन नहीं उठाया तो कार मालिक ने बंटी को उसके घर भेजा। घर पर बंटी ने देखा कि दरवाजा भीतर से बंद है। आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला। आस-पास के लोगों से पूछताछ की। कमरे में रोशनदान और खिड़की से झांकने पर उसने देखा कि आफताब का शव फंदे से लटका हुआ है।