- झंगहा एरिया की घटना, सड़क हादसे में घायल हुए थे बाइक सवार

GORAKHPUR: एम्बुलेंस की लेटलतीफी का एक और मामला शुक्रवार को सामने आया। 108 नंबर पर फोन करने के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद लोग घायलों को लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। इसके बाद एक बार फिर एम्बुलेंस का इंतजार किया गया लेकिन मदद नहीं पहुंची। इस बीच पहुंचे परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

बड़हलगंज निवासी धर्मेद्र अपने मित्र आजमगढ़ निवासी रामजनम के साथ बड़हलगंज से तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन के लिए निकले। सुबह 8:30 बजे के करीब ब्रह्मपुर के पास उनकी बाइक सामने से आ रही इनोवा कार की चपेट में आ गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने 108 नंबर पर फोन कर जानकारी दी। उधर से जल्द मौके पर एम्बुलेंस भेजने का आश्वासन दिया गया। लेकिन आधा घंटा बाद भी एम्बुलेंस नहीं आई तो लोग घायलों को निजी वाहन से लेकर सीएचसी पहुंचे। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों की गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अब घायलों को जिला अस्पताल भेजने के लिए एक बार फिर 108 नंबर एम्बुलेंस का इंतजार होने लगा। इस बीच घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। धर्मेद्र के पिता राजमन ने बताया कि सीएचसी पर भी आधा घंटा एम्बुलेंस का इंतजार किया लेकिन मदद नहीं पहुंची। इधर घायलों की हालत बिगड़ रही थी। किसी तरह से निजी वाहन की व्यवस्था कर दोनों को जिला अस्पताल लाया गया।