-बड़हलगंज में चंदन सिंह के नाम मांगी थी रंगदारी

-डॉक्टर दंपति के बीच विवाद मानकर पुलिस कर रही जांच

GORAKHPUR:

जिले में रंगदारी मांगने के मामलों में पुलिस की रंगत उड़ रही है। बड़हलगंज कस्बे में डॉक्टर से रंगदारी मांगने की घटना में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। डॉक्टर और उनकी पत्नी के बीच विवाद को रंगदारी से जोड़कर पुलिस जांच कर रही है। सटीक क्लू के अभाव में पुलिस रंगदारी मांगने वाले तक नहीं पहुंच सकी है। इसके पूर्व उरुवा में रंगदारी के मामले पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। गोला एरिया में हुई घटना के आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। एसएसपी का कहना है कि रंगदारी मांगने के मामले में जांच की जा रही है। बड़हलगंज में डॉक्टर से किसी बदमाश ने रंगदारी नहीं मांगी है। बल्कि उनको रंजिश में धमकी दी गई थी।

चंदन के नाम से चला रहे सिक्का

चिलुआताल एरिया के कुशहरा का कुख्यात चंदन सिंह बदायूं जेल में बंद है। हत्या, लूट, जानलेवा हमले सहित दो दर्जन से अधिक क्रिमिनल केसेज में उसके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। दो बार जेल से भाग चुके चंदन सिंह के नाम से लगातार रंगदारी मांगी जा रही है। जेल में बंद चंदन के नाम से कभी व्यापारियों, डॉक्टर्स और ठेकेदार को फोन किया जाता है। तो कभी उसके नाम से चिट्ठी भेजकर रुपए की डिमांड की जाती है। जांच में पुलिस हर बार किसी दूसरे बदमाश का नाम बताकर कार्रवाई पूरी कर लेती है। लेकिन चंदन के नाम से रंगदारी मांगने के मामलों में रोक नहीं लग पा रही है।

पुलिस बता रही विवाद, रोज हो रही पूछताछ

29 सितंबर को बड़हलगंज कस्बे में डॉ। मनोज कुमार यादव को फोन पर धमकी मिली थी। उनको मोबाइल पर काल करने वाले खुद को चंदन सिंह बताते हुए 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। धमकाते हुए बदायूं जेल में रुपए पहुंचाने को कहा। रंगदारी की बात सुनकर डॉक्टर परेशान हो गए। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। रंगदारी मांगे जाने के तीन घंटे के भीतर पुलिस ने दावा कर दिया कि दंपति के विवाद में शहर से उनको फोन किया गया है। करीब 10 दिनों से रोजाना कुछ लोगों को बड़हलगंज थाना पर बुलाया जाता है। उनसे पूछताछ कर छोड़ दिया जाता है। जांच पड़ताल के बाद भी पुलिस रंगदारी मांगने वालों का सुराग नहीं लगा सकी।

कुछ इस तरह से की गई कार्रवाई

29 सितंबर 2017: बड़हलगंज के डॉक्टर से चंदन के नाम पर 20 लाख की रंगदारी मांगी गई। इस प्रकरण में पुलिस धमकी देने वालों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया है।

09 सितंबर 2017: गोला एरिया में डॉक्टर संजय कुमार से पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। जांच में सामने आया कि उससे चंदन तिवारी ने रुपए मांगे हैं। पुलिस उसे अरेस्ट कर पाती। इसके पहले वह कोर्ट में सरेंडर कर जेल चला गया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके चंदन तिवारी का नाम मुकदमे में शामिल किया गया था।

09 जुलाई 2017: उरुवा कस्बे में ज्वेलरी शॉप चलाने वाले अशोक उर्फ कल्ली को इंटरनेट से काल किया गया। बदमाशों ने पांच लाख रुपए न देने पर जानमाल की धमकी दी। जांच के बाद पुलिस ने दावा किया कि आजमगढ़ के कुछ लोगों से व्यापारी का लेनदेन चल रहा था। इसलिए वह लोग इंटरनेट से काल करके रंगदारी मांग रहे थे। हालांकि पूर्व में इंटरनेट से आई किसी धमकी के मामले में पुलिस राजफाश करने में नाकाम रही है।

06 जुलाई 2017: मोहद्दीपुर में अस्पताल चलाने वाले डॉक्टर को रजिस्ट्री पत्र भेजकर 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। जांच में सामने आया कि आगरा से भेजे गए पत्र में सोनू सिंह के नाम जिक्र करते हुए बदायूं जेल में रुपए पहुंचाने को कहा गया था। पुलिस की टीम जांच के लिए आगरा गई। लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं जुटा सकी।

29 जून 2017: कैंट एरिया के तारामंडल में अस्पताल चलाने वाले सीएम के करीबी डॉक्टर से 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। डॉक्टर के अलावा एक प्रधान सहित दो लोगों को धमकी दी गई। चंदन सिंह के नाम से धमकी मिलने पर पुलिस हरकत में आई। जांच में दावा किया जेल में बंद गोला एरिया का संजय यादव फोन करके रुपए मांग रहा था। उसके खिलाफ रंगदारी मामला दर्ज करके पुलिस ने जांच बंद कर दिया।

रंगदारी मांगने के मामलों में जांच चल रही है। बड़हलगंज के डॉक्टर को विवाद में धमकी दी गई है। धमकी देने वाले को जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा। पूर्व के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

एसए पंकज, एसएसपी