-भाजपा महानगर की ओर से आयोजित संगोष्ठी में पहुंची व्यापारियों की भीड़

-वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार ने बताये नोटबंदी के फायदे, परेशानी के बचाने का दिया भरोसा

VARANASI

नोटबंदी एक साहसिक निर्णय है। ऐसा निर्णय बार-बार नहीं लिया जाता है। यह सब व्यापारियों के हित के लिए किया गया है। देश में जितना भ्रष्टाचार कम होगा उतना व्यापारियों और देश का विकास होगा। यह बातें बुधवार को भारतीय जनता पार्टी वाराणसी महानगर की ओर आयोजित व्यापार गोष्ठी में वित्त राज्यमंत्री भारत सरकार संतोष गंगवार ने कहीं।

राज्य सरकार पर निशाना

अपने पूरे सम्बोधन में उन्होंने केन्द्र सरकार की ओर से व्यापारियों के हित में किए जा रहे काम को गिनाया। इसमें उत्पन्न हो रही बाधा के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार बताया। इन सबके केन्द्र में नोटबंदी रही। बातों ही बातों में कुछ प्रलोभन भी दे दिया। अन्य वक्ताओं ने भी नोटबंदी को व्यापारी हित में बताने के लिए शब्दों का मायाजाल खूब बुना। यह एहसास दिलाते रहे कि केन्द्र सरकार इनका भला चाहती है। आगामी विधान सभा में पार्टी के लिए उनका समर्थन भी मांग लिया।

साधने की हर संभव प्रयास

नागरी नाटक मंडली में आयोजित व्यापार संगोष्ठी में बनारस के लगभग सभी व्यापार संगठनों को शामिल किया गया। इसमें नोटबंदी से प्रभावित व्यापारी वर्ग को साधने की हर संभव कोशिश की गयी। वक्ताओं ने चुनाव में प्रभावशाली मौजूदगी का एहसास कराने वाले इस खास वर्ग को पार्टी के पक्ष में करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मुख्य अतिथि संतोष गंगवार ने बताया कि नोटबंदी का लाभ किस तरह से व्यापारियों को मिलने वाला है। इसके साथ ही उन्होंने जीएसटी के फायदे भी गिनाए। लागू करने से पहले इसे बेहतर बनाने में व्यापारियों से सुझाव भी मांगे। वित्त राज्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान चुनाव आचार संहिता का बार-बार हवाला देते हुए कुछ घोषणा नहीं किया। लेकिन व्यापारियों के दुखती रग पर हाथ धरते हुए उन्हें लुभाने के लिए एक प्रलोभन दे ही दिया। कहा कि तमाम व्यापारियों ने उनसे शिकायत किया कि नोटबंदी के बाद इनकम टैक्स डिपार्टमेंट परेशान कर रहा है। अगर बेवजह कोई परेशान करेगा तो उसे रोकने की जिम्मेदारी हमारी है।

मांगा सबका साथ

अन्य वक्ताओं ने सबका साथ सबका विकास का हवाला देते हुए व्यापारियों से आगामी विधान सभा चुनाव में उनका समर्थन मांगा। कार्यक्रम मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव ने कहा कि नोटबंदी व्यवस्था को पारदर्शी करने के लिए की गयी है। जो नोट लोगों की तिजोरी में होते थे वो बैंकों में आ गए। इससे आय की असमानता कम हुई है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनित अग्रवाल शारदा ने नोटबंदी के दौरान वो शहरों और गांवों में जाकर व्यापारियों से मिले। किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। इसके साथ ही वक्ताओं ने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। इस दौरान मुख्य रूप से विधायक श्यामदेव राय चौधरी, रवीन्द्र जायसवाल, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, ज्योत्सना त्रिपाठी, अनूप जायसवाल आदि मौजूद रहे।