- नाइट विजन का काम 10 नवंबर तक शुरू कराने के निर्देश

-टर्न स्टाइल गेट में देरी पर भी अफसरों से जताई नाराजगी

आगरा: केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने विकास कार्यो में लेट लतीफी पर सीधे तौर पर अफसरों को जिम्मेदार ठहराया। नाराजगी जताते हुए इन्हें जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मेहताब बाग से नाइट विजन का काम 10 नवंबर तक शुरू करा दिया जाए। वह इसका शिलान्यास करने आएंगे। केंद्रीय मंत्री ने रविवार को सर्किट हाउस में एएसआई, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक में ताजमहल से जुड़ी समस्याओं पर बारीकी से बातचीत की। उन्होंने टर्न स्टाइल गेट अब तक शुरू न होने पर भी नाराजगी जताई, साफ कहा कि इन्हें जल्द शुरू करा दिया जाए। ताज के पूर्वी व पश्चिमी गेट से ताजगंज के विकास कार्यो को भी जल्द शुरू कराने को कहा। उन्होंने एएसआई से कहा कि जिन विकास कार्यो के टेंडर हो चुके हैं, उनके काम भी शुरू कराएं। ताज कारीडोर एरिया के बारे में उन्होंने एडीए अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। कहा-इसका काम भी पूरा कराया जाए। उनका कहना था कि सैलानियों की किसी तरह की असुविधा न हो। इस दौरान जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार, डीआईजी लव कुमार, एसएसपी अमित पाठक के अलावा एडीए व एएसआइ के अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने भी रखीं समस्याएं

केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा को डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि ताजमहल में रोजाना 40 से 50 हजार पर्यटक आते हैं, लेकिन शौचालय काफी कम हैं। इससे पर्यटकों को परेशानी होती है। उन्होंने उद्यान विभाग द्वारा शमशान घाट की तरफ ताजमहल में होने वाले कार्यो को भी पूरा कराने की मांग की। इस पर मंत्री ने भी सहमति जताई और संबंधित अधिकारियों से जल्द पूरा कराने को कहा।

पार्टीजनों से भी किया मंथन

केंद्रीय मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी गुफ्तगू की। उनका कहना था कि पार्टी हित में काम किया जाए। राजस्थान व मध्यप्रदेश राज्य की सीमा आगरा जिले से सटी है, लिहाजा यहां के कार्यकर्ता दोनों राज्यों के चुनाव में गंभीरता से जुटें।