ALLAHABAD: वह दिन दूर नहीं जब गंगा में सी प्लेन उतरेंगे। पानी में यात्री जहाज और बसें चलेंगी। यह सौगात इस साल के अंत तक इलाहाबाद को मिल जाएगी। खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह घोषणा की। उन्होंने प्रयागवासियों से वादा किया कि दिसंबर में वह सी प्लेन लेकर गंगा में लैंड करेंगे। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हल्दिया-वाराणसी जलमार्ग का विस्तार इलाहाबाद-कौशांबी तक किया जाएगा।

जगह-जगह बनेंगे रिवर पोर्ट

उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद द्वारा इलाहाबाद में जलमार्ग विकसित किए जाने की मांग के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि फिलहाल किला घाट, नैनी ब्रिज, संगम घाट सहित चार जगह रिवर पोर्ट बनाने की योजना है। लेकिन, अब कौशांबी, मिर्जापुर और भदोही में भी रिवर पोर्ट बनाए जाएंगे। और भी कहीं पोर्ट बनवाना हो तो सरकार प्रस्ताव भेज सकती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी जलमार्ग को सुचारू रूप से चलाने के लिए रिवर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पटना में बनाया गया है। इसे इलाहाबाद में भी बनाने की तैयारी है।

केशव को दिया श्रेय

अपने भाषण में नितिन गडकरी ने प्रयाग में जल मार्ग विकसित होने का श्रेय उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद को दिया। उन्होंने कहा कि व‌र्ल्ड बैंक ने केवल हल्दिया और वाराणसी के लिए फंडिंग की थी। लेकिन, केशव के हठ और प्रयास के चलते हमें व‌र्ल्ड बैंक को इलाहाबाद का प्रस्ताव भेजना पड़ा जो मंजूर कर लिया गया। इसके बाद कुंभ से पहले श्रद्धालुओं को जल यात्रा का उपहार भी केंद्र सरकार की ओर से दिया जाएगा।

कुछ हम देंगे, कुछ आप इंतजाम करो

उन्होंने कहा कि कुंभ में जमीन और पानी में चलने वाली एक बस और डेढ़ हजार यात्री ढोने वाले तीन जहाज केंद्र सरकार इलाहाबाद को देगी। बाकी खुद यूपी सरकार को खरीदना होगा। सब कुछ फोकट में नही मिलेगा। कहा कि इस समय गंगा में 5 स्टार से 5 स्टार तक क्रूज चलाए जाएंगे। जल यात्रा, हवा और मार्ग यात्रा से काफी सस्ती होती है। यहां से पानी के जहाज कोलकाता, बांग्लादेश और साउथ एरिया तक जाएंगे। बकौल नितिन गडकरी, अगली बार प्रयाग की धरती पर आऊंगा तो सी प्लेन से गंगा में उतरूंगा। यह मेरा प्रयाग के लोगों को वचन है।