आगरा। इधर, तीन घंटे के अंदर ही दूसरी चेन स्नेचिंग की खबर सुनने को मिली। यह केस थाना हरीपर्वत क्षेत्र के अंतर्गत दीवानी चौराहे के निकट अंजना सिनेमा के सामने हुआ। बाइक सवार बदमाशों ने एक्टिवा पर जा रही शिक्षिका को निशाना बनाया। चेन तोड़कर बदमाश संजय प्लेस की तरफ फरार हो गए। पति ने पीछा भी किया, लेकिन हाथ नहीं आए।

पति के साथ जा रही थी

अशोक विहार कॉलोनी शाहगंज निवासी विनीता सोनी इटौरा में एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। पति अजय सागर आरओ का काम करते हैं। पति का मोबाइल खराब हो गया था। लिहाजा दंपत्ति पौने दो बजे करीब एक्टिवा से शाह मार्केट मोबाइल ठीक कराने जा रहे थे। दीवानी चौराहे से टर्न लेकर दंपत्ति जैसे ही अंजना सिनेमा के पास आए वैसे ही बाइक सवार दो बदमाश आ गए।

चेन लूट कर ले गए बदमाश

बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने शिक्षिका के गले की चेन तोड़ ली। पति ने एक्टिवा से बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वह तेज गति से संजय प्लेस की तरफ भाग निकले। पति के मुताबिक पीछे बैठने वाला बदमाश नीली टी-शर्ट पहने था। उसकी कमर में तमंचा भी लगा था। घटना के बाद पीडि़त दंपत्ति थाना हरीपर्वत शिकायत करने पहुंचे। पीडि़त के मुताबिक डेढ़ तोले चेन की कीमत 50 हजार रूपये करीब है।