RANCHI: झारखंड के मौसम में सुधार होने की संभावना फिलहाल नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय तूफ ान बनने के संकेत हैं। दक्षिणपूर्व खाड़ी में अति गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र बनकर यह लगातार विस्तृत हो रहा है। 24 घंटों के दौरान इसके साइक्लोनिक स्टॉर्म बनने की आशंका व्यक्त की गई है। इसके प्रभाव से झारखंड के ऊपर 15 दिसंबर के बाद बादल छाएंगे। 16 दिसंबर को हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

क्या कहता है मौसम विभाग

मौसम विभाग के अनुसार, खाड़ी में अति गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 1310 किलोमीटर दूर है। यह दक्षिण पूर्व खाड़ी से लेकर हिंद महासागर के भूमध्य रेखा तक विस्तृत है। यह उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अगले तीन दिनों में इसके आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तट से टकराने का अनुमान है। इसके प्रभाव से ओडि़शा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है।

राजधानी व आसपास में बूंदाबांदी

राजधानी समेत आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को बादल छाए रहे, शाम को शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस कारण गुमला, लोहरदगा, रांची, पलामू के ऊपर बादल छाए हुए हैं। इससे कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। वैज्ञानिकों ने बताया कि अब यह कमजोर हो रहा है। अगले 48 घंटों तक झारखंड का मौसम शुष्क और आमतौर पर साफ रहने की संभावना है। लेकिन 15 दिसंबर के बाद मौसम में बदलाव होगा।