-विरोध करने पर छात्रों को खूब पीटा

- आसपास के लोगों ने एक को दबोचा

Meerut : सीसीएस यूनिवर्सिटी के गेट के सामने बाइक सवार शोहदों ने पहले तो छात्राओं को छेड़ा बाद में विरोध पर उन्होंने फायरिंग कर हंगामा मचा दिया। छात्रों के साथ मारपीट भी की। इस दौरान आसपास के कई लोग जमा हो गए। उन्होंने एक हमलावर को पकड़ कर खूब धुनाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस बाकी सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी में जुट गई है। सभी शोहदे नशे की हालत में थे।

पांच भाग निकले

पुलिस ने बताया कि शाम को दो छात्राएं यूनिवर्सिटी गेट के सामने जा रहीं थीं। तभी यूनिवर्सिटी के ही करीब छह छात्र बाइकों पर वहां पर पहुंचे। वे सभी नशे की हालत में थे। उन्होंने छात्राओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इतने में खतौली निवासी मोनू और गढ़ निवासी अनिल आ गए। वे मुख्य गेट के सामने ही चाय पी रहे थे। उन्होंने छेड़खानी का विरोध किया तो उत्पाती छात्रों ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने शोर मचाया तो छात्रों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद वहां पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग जमा होने लगे। भीड़ जमा होते देख छेड़खानी करने वाले बाइक लेकर भागने लगे। भीड़ ने उनमें से एक को पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। जबकि पांच भाग निकले। इतने मेडिकल थाना पुलिस भी पहुंच गई। भीड़ ने छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया।

यूनिवर्सिटी गेट के सामने कुछ छात्र छात्राओं के साथ छेड़खानी कर रहे थे। वे सभी नशे की हालत में थे। भीड़ ने एक को पकड़ लिया। बाकी पांच की तलाश की जा रही है।

- रविंद्र कुमार, एसओ, मेडिकल थाना